Site icon AB News24.in

Chhattisgarh News: रायपुर में ‘स्नेह की डोर विष्णु भैया मोर’ कार्यक्रम में जवानों को बांधी राखी

रायपुर, 25 अगस्त। Chhattisgarh News: राजधानी रायपुर के इंडोर स्टेडियम में आज ‘स्नेह की डोर विष्णु भैया मोर’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए। इस दौरान मंत्री केदार कश्यप, विधायक सुनील सोनी और विधायक पुरंदर मिश्रा भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम में शहीद वीर जवान युगल किशोर वर्मा की पत्नी माधुरी वर्मा ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को राखी बांधी। वहीं स्कूली बच्चियों ने सीआईएसएफ, बीएसएफ और छत्तीसगढ़ पुलिस के करीब 800 जवानों की कलाई पर राखी बांधकर रक्षाबंधन का पर्व मनाया।

मूकबधिर और दिव्यांग बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम को खास बना दिया। इस दौरान जिला प्रशासन की पांच योजनाओं और प्रोजेक्ट का शुभारंभ भी किया गया।

‘जवानों ने बहनों को दिया बड़ा उपहार’

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि केंद्रीय सुरक्षा बलों के जवानों के बीच बहनों को राखी बांधते देखना उनके लिए बेहद अद्भुत अनुभव है। भाई-बहन का रिश्ता प्रेम और विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने जवानों के साहस और पराक्रम को नमन करते हुए कहा कि उनके संघर्ष और बलिदान से देश नक्सलवाद से मुक्त होने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

सीएम ने कहा कि नक्सलवाद के खिलाफ जवानों की सफलता बहनों के लिए बहुत बड़ा उपहार है। उन्होंने कहा कि शहीद युगल किशोर वर्मा की पत्नी माधुरी वर्मा के रूप में आज उन्हें एक बहन मिली है। मुख्यमंत्री ने भावुक होकर कहा कि उनकी कोई सगी बहन नहीं है, वे सिर्फ भाई-भाई हैं, लेकिन आज उन्हें सगी बहन से बढ़कर एक बहन मिली है।

‘बस्तर में अब तेजी से होगा विकास’

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर में 6 करोड़ महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाने का संकल्प लिया है। छत्तीसगढ़ में अब तक 13 लाख 85 हजार बहनें लखपति दीदी बन चुकी हैं।

उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये दिए जा रहे हैं। रक्षाबंधन के मौके पर 68 लाख बहनों के खातों में 631 करोड़ रुपये की 31वीं किस्त भेजी जाएगी।

सीएम साय ने बहनों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि बस्तर में लंबे समय से विकास की रफ्तार धीमी रही है, लेकिन अब बस्तर संभाग में तेजी से विकास कार्य किए जाएंगे। सरकार का फोकस बस्तर में विकास, रोजगार और बेहतर सुविधाएं पहुंचाने पर रहेगा।

Exit mobile version