Site icon AB News24.in

Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ के गन्ना किसानों को बड़ी सौगात… अब 425 रुपये प्रति क्विंटल होगी खरीदी

रायपुर, 10 अक्टूबर। Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ के गन्ना किसानों के हित में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बड़ा फैसला लिया है। अब प्रदेश के शक्कर कारखानों में गन्ने की खरीदी 425 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जाएगी। खास बात यह है कि पेराई सत्र 2025-26 में खरीदे गए गन्ने का भुगतान भी बढ़ी हुई दर के अनुसार किया जाएगा। सरकार के इस निर्णय से प्रदेश के गन्ना उत्पादक किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि अन्नदाता की खुशहाली ही समृद्ध छत्तीसगढ़ का आधार है। राज्य सरकार किसानों को उनकी मेहनत का बेहतर मूल्य दिलाने और खेती को लाभकारी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

किसान संघ के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात के बाद फैसला

मुख्यमंत्री साय से आज भारतीय किसान संघ, छत्तीसगढ़ प्रदेश के प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य भेंट की। इस दौरान संगठन मंत्री मनीष शर्मा, महामंत्री नवीन शेष सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे। बैठक में उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा भी उपस्थित थे।

भेंट के दौरान प्रदेश के किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। इसमें गन्ना उत्पादक किसानों के हितों का विषय प्रमुखता से उठाया गया। किसानों की मांगों और हितों को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने त्वरित पहल की और गन्ने की खरीदी 425 रुपये प्रति क्विंटल की दर से करने का निर्णय लिया।

किसानों की आय बढ़ाना सरकार की प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने, कृषि लागत कम करने और खेती को अधिक लाभकारी बनाने की दिशा में काम कर रही हैं। छत्तीसगढ़ सरकार भी किसान हितों को अपनी नीतियों और फैसलों के केंद्र में रख रही है।

उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिलना जरूरी है। खेती-किसानी मजबूत होगी तो गांवों की अर्थव्यवस्था सशक्त होगी और ग्रामीण समृद्धि से ही छत्तीसगढ़ के विकास को गति मिलेगी।

भारतीय किसान संघ ने जताया आभार

गन्ने की खरीदी दर बढ़ाकर 425 रुपये प्रति क्विंटल किए जाने के फैसले पर भारतीय किसान संघ के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि इस निर्णय से प्रदेश के गन्ना उत्पादक किसानों को लाभ मिलेगा और उन्हें अपनी मेहनत का बेहतर प्रतिफल प्राप्त होगा।

Exit mobile version