Site icon AB News24.in

Chhattisgarh News: शराब घोटाले और महादेव सट्टा के आरोपियों को दुबई से लाने की तैयारी तेज

रायपुर, 16 नवम्बर। Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले और महादेव ऑनलाइन सट्टा मामले में जांच एजेंसियों ने विदेश में बैठे आरोपियों को भारत लाने की कवायद तेज कर दी है। शराब घोटाले के आरोपी विकास अग्रवाल उर्फ सुब्बू और महादेव सट्टा मामले के सह-प्रमोटर रवि उप्पल को दुबई से भारत लाने के लिए सीबीआई और प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीमें वहां पहुंची हैं। यह पूरी कार्रवाई विदेश मंत्रालय के समन्वय से की जा रही है।

प्रत्यर्पण की प्रक्रिया में जुटीं जांच एजेंसियां

दोनों आरोपियों को भारत लाने के लिए कानूनी और कूटनीतिक प्रक्रिया पूरी की जा रही है। इसके लिए इंटरपोल और दुबई प्रशासन के साथ भी समन्वय किया जा रहा है। प्रत्यर्पण की मंजूरी मिलने के बाद दोनों आरोपियों को भारत लाया जा सकता है। इसके बाद उन्हें रायपुर की विशेष अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए रिमांड पर लेने की तैयारी है।

पूछताछ में खुल सकते हैं कई बड़े राज

भारत आने के बाद विकास अग्रवाल से शराब घोटाले में कथित वित्तीय लेन-देन, अन्य आरोपियों से संपर्क और पूरे नेटवर्क को लेकर पूछताछ की जा सकती है। वहीं, रवि उप्पल से महादेव ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क के संचालन, पैसों के लेन-देन और विदेशों में फैले कथित कारोबार के बारे में सवाल किए जा सकते हैं।

जांच एजेंसियों को उम्मीद है कि दोनों से पूछताछ में कथित हवाला नेटवर्क, मनी लॉन्ड्रिंग और विदेशों में मौजूद संपत्तियों से जुड़े अहम सुराग मिल सकते हैं।

Exit mobile version