Site icon AB News24.in

Chhattisgarh News: सागर में जहरीली शराब से मौतों के बाद छत्तीसगढ़ अलर्ट

रायपुर, 09 सितम्बर। Chhattisgarh News: मध्य प्रदेश के सागर में जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद छत्तीसगढ़ में भी अवैध शराब को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है। आबकारी विभाग पूरे प्रदेश में विशेष जांच अभियान शुरू करने जा रहा है।

अंतरराज्यीय सीमाओं, प्रमुख रास्तों और संवेदनशील इलाकों के चेकपोस्ट पर 24 घंटे निगरानी रखी जाएगी। संदिग्ध वाहनों की जांच के साथ रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और एयरपोर्ट पर भी नजर रखी जाएगी।

पुलिस के साथ मिलकर बनाई जाएंगी टीमें

जिला स्तर पर पुलिस और दूसरे विभागों के साथ विशेष टीमें बनाई जाएंगी। इन टीमों का काम सिर्फ अवैध शराब पकड़ना नहीं होगा, बल्कि जहरीली शराब में इस्तेमाल होने वाली स्पिरिट कहां से आ रही है और इसकी सप्लाई कौन कर रहा है, इसका भी पता लगाया जाएगा।

सागर जाएगी चार अधिकारियों की टीम

छत्तीसगढ़ आबकारी विभाग सागर की घटना की जांच के लिए चार अधिकारियों की टीम मध्य प्रदेश भेजेगा। टीम स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर अवैध शराब और स्पिरिट के स्रोत की जानकारी जुटाएगी।

जांच के बाद टीम सरकार को अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।

रोजाना भेजनी होगी जांच की रिपोर्ट

विशेष अभियान के दौरान की गई कार्रवाई की रोजाना रिपोर्ट अगले दिन दोपहर 12 बजे तक आबकारी मुख्यालय भेजनी होगी। अधिकारियों को अभियान में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए गए हैं। लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

Exit mobile version