Site icon AB News24.in

Chhattisgarh News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने NEET-2026 में सफल एकलव्य विद्यालय के विद्यार्थियों को दी बधाई

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार को राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में आयोजित 'एकलव्य संवाद' कार्यक्रम में प्रदेश के एकलव्य आदर्श आवासीय

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

रायपुर, 29 जुलाई| Chhattisgarh News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार को राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में आयोजित ‘एकलव्य संवाद’ कार्यक्रम में प्रदेश के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों के उन मेधावी छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद किया, जिन्होंने नीट (NEET-2026) परीक्षा में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी सफल विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और कहा कि यह उपलब्धि केवल व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ और जनजातीय समाज के लिए गौरव का विषय है।

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि कठिन परिश्रम, निरंतर अभ्यास और दृढ़ निश्चय ही सफलता की कुंजी हैं। उन्होंने एकलव्य के जीवन को साधना, समर्पण और लक्ष्य के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक बताते हुए विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य पर केंद्रित रहने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा, “एकलव्य की तरह अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करें, सफलता अवश्य मिलेगी। डॉक्टर का पेशा अत्यंत पवित्र और सेवाभावी होता है। एक कुशल चिकित्सक के साथ-साथ संवेदनशील और विनम्र इंसान बनना भी आवश्यक है। मरीज के प्रति मधुर व्यवहार ही आधे उपचार का काम करता है।”

संवाद कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री से विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे, जिनका उन्होंने विस्तार से उत्तर दिया। महासमुंद की छात्रा मंजुला के मेडिकल शिक्षा से जुड़े प्रश्न पर मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में अब मेडिकल की पढ़ाई हिंदी माध्यम में भी उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि भाषा किसी भी प्रतिभावान छात्र की प्रगति में बाधा न बने।

धमतरी के छात्र राधेश्याम के ट्राइबल यूथ हॉस्टल संबंधी प्रश्न के उत्तर में उन्होंने बताया कि दिल्ली स्थित ट्राइबल यूथ हॉस्टल की क्षमता 50 से बढ़ाकर 200 सीट कर दी गई है। उन्होंने जानकारी दी कि इसी हॉस्टल से इस वर्ष 13 विद्यार्थियों ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की प्रारंभिक परीक्षा उत्तीर्ण की है।

गरियाबंद के छात्र अवधेश द्वारा पूछे गए प्रश्न के उत्तर में मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और प्रदेश में स्थापित 34 नालंदा परिसरों में उपलब्ध अध्ययन सुविधाओं की जानकारी साझा की। वहीं, कांकेर की छात्रा कशिश नेताम के प्रश्न पर उन्होंने बताया कि बस्तर में नक्सलवाद समाप्त होने के बाद बंद पड़े स्कूलों को पुनः खोला जा रहा है। साथ ही, जगरगुंडा और ओरछा में आधुनिक एजुकेशन सिटी विकसित की जा रही है, जिससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनजातीय अंचलों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर संसाधन और प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने विद्यार्थियों से समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए सेवा भाव के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

Exit mobile version