Chhattisgarh News: सीएम ने शुरू किया ‘मेरा परिवार गौव्रति परिवार’ अभियान

Chhattisgarh News: सीएम ने शुरू किया ‘मेरा परिवार गौव्रति परिवार’ अभियान

रायपुर, 21 जुलाई। Chhattisgarh News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सोमवार को राजधानी रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कृषक सभागार में आयोजित गौ सेवा संगम एवं गौ विज्ञान परीक्षा पुरस्कार वितरण समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशव्यापी ‘मेरा परिवार गौव्रति परिवार’ अभियान का शुभारंभ किया तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षारोपण अभियान के पोस्टर का विमोचन किया। साथ ही गौ विज्ञान परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर पुरस्कार भी प्रदान किए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गौमाता भारतीय संस्कृति, ग्रामीण अर्थव्यवस्था, जैविक कृषि और पर्यावरण संरक्षण की आधारशिला है। गौ संरक्षण केवल सरकार का नहीं, बल्कि पूरे समाज की साझा जिम्मेदारी है। जब हर परिवार गौसेवा और संरक्षण का संकल्प लेगा, तभी यह अभियान जनआंदोलन का स्वरूप ले सकेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गौमाता केवल आस्था का विषय नहीं, बल्कि कृषि, स्वास्थ्य, पर्यावरण और ग्रामीण समृद्धि की महत्वपूर्ण कड़ी है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष प्रदेश के स्कूलों और महाविद्यालयों के 1.64 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने गौ विज्ञान परीक्षा में भाग लिया, जो नई पीढ़ी में भारतीय संस्कृति और प्रकृति संरक्षण के प्रति बढ़ती जागरूकता का प्रमाण है।

उन्होंने विद्यार्थियों से अपने परिवार और समाज में गौसेवा एवं गौ संरक्षण का संदेश पहुंचाने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में शाला प्रवेश उत्सव और न्योता भोज जैसी पहल समाज और विद्यालय के बीच आत्मीय संबंध मजबूत कर रही हैं तथा बच्चों को अतिरिक्त पोषण भी मिल रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गोबर और गोमूत्र आधारित उत्पाद ग्रामीण रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर बन रहे हैं। राज्य सरकार इनके निर्माण और प्रशिक्षण की व्यवस्था भी करेगी, जिससे गौपालन आय का सशक्त माध्यम बन सके।

उन्होंने बताया कि पंजीकृत गौशालाओं में प्रति गाय चारे के लिए दी जाने वाली सहायता राशि 20 रुपये से बढ़ाकर 35 रुपये प्रतिदिन कर दी गई है। वहीं सुरभि गौधाम योजना के तहत आधुनिक सुविधाओं से युक्त गौधाम विकसित किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर में नक्सलवाद कम होने के बाद विकास को नई गति मिली है। राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (एनडीडीबी) के सहयोग से देसी गाय उपलब्ध कराने की योजना शुरू की गई है, जिससे दूध उत्पादन बढ़ा है। सरकार अब इस योजना का लाभ अन्य इच्छुक पशुपालकों तक भी पहुंचाने पर विचार कर रही है।

समारोह में मुख्यमंत्री ने गौ विज्ञान परीक्षा के तीनों वर्गों के विजेताओं को सम्मानित किया। प्रथम स्थान प्राप्त प्रतिभागियों को 51 हजार रुपये, द्वितीय स्थान पर 31 हजार रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को 11 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।

इस अवसर पर स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, छत्तीसगढ़ राज्य गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष राजीव लोचन जी महाराज, राज्य शिक्षा आयोग के अध्यक्ष सुधीर गौतम सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, गौ सेवा से जुड़े पदाधिकारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

राज्य खबर