Site icon AB News24.in

Chhattisgarh News: धरसींवा को मिली नि:शुल्क एम्बुलेंस… CM विष्णुदेव साय ने दिखाई हरी झंडी

रायपुर, 4 अगस्त। Chhattisgarh News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास से धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के लिए नि:शुल्क एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। पूजा-अर्चना के बाद उन्होंने एम्बुलेंस की चाबी चालक को सौंपी। इस दौरान धरसींवा विधायक अनुज शर्मा और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि किसी भी मरीज के लिए इलाज के शुरुआती पल सबसे अहम होते हैं। समय पर अस्पताल पहुंचने से कई गंभीर मरीजों की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह नई एम्बुलेंस गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों, गंभीर मरीजों और सड़क दुर्घटना में घायल लोगों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य हर नागरिक तक सुलभ, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। इसके लिए अस्पतालों का उन्नयन, आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता, विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति, दवाओं की आसान उपलब्धता और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है।

धरसींवा विधायक अनुज शर्मा ने बताया कि क्षेत्र में लंबे समय से आधुनिक एम्बुलेंस की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इसी को देखते हुए जिला खनिज न्यास निधि (DMF) से लगभग 19.65 लाख रुपये की लागत से यह अत्याधुनिक एम्बुलेंस उपलब्ध कराई गई है।

उन्होंने बताया कि एम्बुलेंस को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, धरसींवा को सौंपा गया है, जहां से इसका संचालन किया जाएगा। यह सेवा 24 घंटे नि:शुल्क उपलब्ध रहेगी और गंभीर मरीजों को रेफरल अस्पतालों तक सुरक्षित एवं समय पर पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

इस नई एम्बुलेंस के शुरू होने से धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के हजारों लोगों को आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा और क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाएं पहले से अधिक मजबूत होंगी।

Exit mobile version