Site icon AB News24.in

Chhattisgarh News: कांकेर को मिली बड़ी खेल सौगात… अरुण साव ने मिनी स्टेडियम और इनडोर हॉल का किया लोकार्पण

कांकेर, 12 अगस्त। Chhattisgarh News: कांकेर जिले के प्रभारी मंत्री और उप-मुख्यमंत्री अरुण साव ने मेलाभाठा के पास करीब 9.40 करोड़ रुपये की लागत से बने बहुउद्देशीय मिनी स्टेडियम और इनडोर हॉल का लोकार्पण किया। शहर में आयोजित तिरंगा यात्रा के समापन अवसर पर पहुंचे उप-मुख्यमंत्री ने फुटबॉल में किक लगाकर खेल मैदान का औपचारिक शुभारंभ किया।

इस दौरान विद्यार्थियों से संवाद करते हुए अरुण साव ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और वीर शहीदों के सपनों को पूरा करने और भारत को आत्मनिर्भर व विश्वगुरु बनाने की जिम्मेदारी युवा पीढ़ी के कंधों पर है।

नवनिर्मित खेल परिसर में करीब 7 करोड़ रुपये की लागत से मिनी स्टेडियम बनाया गया है। इसमें फुटबॉल ग्राउंड, क्रिकेट बॉक्स, बास्केटबॉल कोर्ट, रनिंग ट्रैक और नेट प्रैक्टिस जैसी सुविधाएं हैं। वहीं 2.40 करोड़ रुपये की लागत से बने इनडोर हॉल में बैडमिंटन कोर्ट, टेबल टेनिस, कुश्ती और आउटडोर जिम की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आधुनिक खेल परिसर कांकेर की छिपी खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में मदद करेगा और स्थानीय खिलाड़ियों को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।

कार्यक्रम में कांकेर विधायक आशाराम नेताम, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण नरेटी, नगर पालिका अध्यक्ष अरुण कौशिक और कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

 

Exit mobile version