रायपुर, 13 अगस्त। Chhattisgarh News: स्वतंत्रता दिवस से पहले राजधानी रायपुर में देशभक्ति के सुरों से सराबोर हो गई। पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में संस्कृति विभाग के सहयोग से आयोजित ‘आजादी की धुन’ समारोह में छत्तीसगढ़ के अलग-अलग अंचलों से आए 100 युवा कलाकारों ने विभिन्न वाद्ययंत्रों के साथ लाइव बैंड प्रस्तुति दी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी समारोह में शामिल हुए और कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में युवाओं की देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियों ने पूरे माहौल को राष्ट्रप्रेम से भर दिया। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ‘आजादी की धुन’ देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने और स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, तपस्या और बलिदान को याद करने का अवसर है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संगीत लोगों की भावनाओं को जगाने और उन्हें एक सूत्र में जोड़ने की अद्भुत शक्ति रखता है। स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान भी गीतों, कविताओं और नारों ने लोगों में आजादी की चेतना जगाने का काम किया था। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में पहली बार 100 युवा कलाकारों द्वारा एक साथ अलग-अलग वाद्ययंत्रों पर देशभक्ति की धुनें प्रस्तुत करना अनूठी पहल है।
सीएम साय ने स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानियों को नमन करते हुए कहा कि देश की आजादी असंख्य लोगों के संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। उन्होंने छत्तीसगढ़ के वीर नारायण सिंह और बस्तर के जननायक वीर गुण्डाधुर के योगदान को भी याद किया और कहा कि उनका शौर्य प्रदेश की गौरवशाली विरासत है।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प सभी देशवासियों का सामूहिक संकल्प है। इसमें युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और सामर्थ्य की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार भी ‘विकसित भारत’ के साथ ‘विकसित छत्तीसगढ़’ के लक्ष्य को लेकर काम कर रही है। विकास का लाभ प्रदेश के हर गांव, परिवार और व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।
समारोह में छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष मोना सेन, साहित्य अकादमी के अध्यक्ष शशांक शर्मा, स्थानीय स्वास्थ्य परंपरा एवं औषधि पादप बोर्ड के उपाध्यक्ष अंजय शुक्ला, स्काउट-गाइड के चेयरमैन इंद्रजीत सिंह खालसा सहित जनप्रतिनिधि, कलाकार, बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।

