रायपुर, 27 अगस्त। Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ में समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर समिति की राज्य स्तरीय बैठक में विवाह, तलाक, उत्तराधिकार और लिव-इन रिलेशनशिप से जुड़े कानूनी प्रावधानों पर मंथन जारी है। न्यू सर्किट हाउस में हुई बैठक में प्रदेश की सामाजिक और भौगोलिक परिस्थितियों के साथ विशेष प्रावधानों को ध्यान में रखते हुए UCC के संभावित प्रारूप पर चर्चा की जा रही है।
छत्तीसगढ़ की परिस्थितियों के अनुसार होगा विचार
समिति के सदस्य और पूर्व IAS शत्रुघ्न सिंह ने बताया कि UCC को लेकर समिति लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की सामाजिक और भौगोलिक परिस्थितियां अन्य राज्यों से अलग हैं। ऐसे में इन्हें ध्यान में रखते हुए कानून के संभावित प्रावधानों पर विचार किया जा रहा है।
5वीं अनुसूची के क्षेत्रों पर भी चर्चा
बैठक में संविधान की 5वीं अनुसूची के तहत आने वाले क्षेत्रों को लेकर भी विशेष चर्चा हुई। समिति इन क्षेत्रों की सामाजिक परिस्थितियों और वहां लागू किए जा सकने वाले संभावित कानूनी प्रावधानों से जुड़े सुझावों का अध्ययन कर रही है।
समिति के अनुसार, बैठकों में मिले सुझावों और चर्चा के आधार पर UCC के प्रारूप को तैयार करने की दिशा में आगे बढ़ा जाएगा।
अक्टूबर के अंत या नवंबर में रिपोर्ट संभव
समिति की कोशिश है कि समान नागरिक संहिता से संबंधित रिपोर्ट अक्टूबर के अंतिम सप्ताह या नवंबर के पहले सप्ताह में राज्य सरकार को सौंप दी जाए। रिपोर्ट मिलने के बाद सरकार आगे की प्रक्रिया और समयसीमा को लेकर फैसला करेगी।


