कवर्धा, 13 सितम्बर। Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ के कवर्धा में नेशनल हाईवे-30 की बदहाल स्थिति देखकर उपमुख्यमंत्री और कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने अपना काफिला रुकवा दिया। सड़क पर जगह-जगह जलभराव, जर्जर हिस्से और वाहनों की लंबी कतारें देखकर वे खुद मौके पर उतरे और सड़क व यातायात व्यवस्था का जायजा लिया।
दरअसल, कवर्धा में पिछले दो दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के चलते रायपुर-जबलपुर मार्ग (NH-30) के कई हिस्सों में पानी भर गया है। सड़क खराब होने और जलभराव के कारण वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, बड़े वाहनों की लंबी कतारों से यातायात भी प्रभावित हुआ।
इसी दौरान उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा इसी मार्ग से गुजर रहे थे। हाईवे की स्थिति देखकर उन्होंने काफिला रुकवाया और मौके पर पहुंचकर हालात का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सड़क की मरम्मत और जलभराव की समस्या दूर करने के साथ आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
विजय शर्मा ने अधिकारियों से कहा कि बारिश के दौरान राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी न हो और दुर्घटनाओं की आशंका को कम करने के लिए जरूरी कदम तत्काल उठाए जाएं।

