Site icon AB News24.in

Chhattisgarh: PM मोदी के जन्मदिन पर रायपुर में भव्य दीपोत्सव… सवा लाख दीपों से रोशन हुआ महादेव घाट

रायपुर, 18 सितम्बर। Chhattisgarh: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर का महादेव घाट सवा लाख दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। खारुन नदी के तट पर ‘आशीर्वाद का दीया’ विराट दीपोत्सव एवं महाआरती का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय कार्यक्रम में शामिल हुए और प्रदेशवासियों के साथ प्रधानमंत्री मोदी के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की मंगलकामना की।

सवा लाख दीप एक साथ जलाए जाने से महादेव घाट का पूरा परिसर रोशनी से जगमगा उठा। इस दौरान साध्वी प्रज्ञा भारती और आचार्यों ने विधि-विधान से खारुन मैया की महाआरती की, जिसमें मुख्यमंत्री साय ने भी हिस्सा लिया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी को समर्पित गीत का विमोचन भी किया गया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपना जीवन राष्ट्र और जनसेवा को समर्पित किया है। उनके नेतृत्व में देश ने विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में कई बड़े बदलाव देखे हैं। उन्होंने कहा कि महादेव घाट पर जलाए गए सवा लाख दीप छत्तीसगढ़वासियों के प्रधानमंत्री मोदी के प्रति स्नेह और शुभकामनाओं का प्रतीक हैं।

17 अक्टूबर तक चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। छत्तीसगढ़ में भी इस दौरान स्वच्छता, स्वास्थ्य, पोषण, पर्यावरण संरक्षण और जनकल्याण से जुड़े कार्य जनभागीदारी के साथ किए जाएंगे।

साय ने कहा कि राजधानी रायपुर में अलग-अलग स्थानों पर लगभग 32 लाख दीप जलाकर प्रधानमंत्री मोदी के प्रति शुभकामनाएं व्यक्त की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि दीप भारतीय संस्कृति में आशा, विश्वास और प्रकाश का प्रतीक है। ‘आशीर्वाद का दीया’ सेवा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प का भी प्रतीक है।

कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक राजेश मूणत और मोतीलाल साहू, महापौर मीनल चौबे समेत कई जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Exit mobile version