रायपुर, 29 सितंबर। Chhattisgarh Rajyotsav 2026: छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले राज्योत्सव 2026 की तैयारियां तेज हो गई हैं। इस वर्ष राज्योत्सव 1 से 3 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा। तैयारियों की समीक्षा के लिए मंगलवार को मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय बैठक हुई। इसमें राज्योत्सव के साथ राज्य अलंकरण समारोह और विभिन्न विभागों की तैयारियों की समीक्षा की गई।

मुख्य सचिव ने सभी संबंधित विभागों को निर्धारित समय-सीमा में तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। साथ ही विभागीय योजनाओं और उपलब्धियों को प्रदर्शनी के माध्यम से प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने के लिए कार्ययोजना बनाने को कहा। सभी विभागों को 22 अक्टूबर तक अपनी तैयारियों और प्रस्तावित प्रदर्शनी की विस्तृत जानकारी देने के निर्देश दिए गए हैं।
विकास और भविष्य की संभावनाओं पर रहेगा फोकस
इस बार राज्योत्सव को केंद्रीय थीम पर आयोजित करने की तैयारी है। इसमें प्रदेश के विकास, उपलब्धियों और भविष्य की संभावनाओं को प्रमुखता दी जाएगी। आयोजन की थीम में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, मानव पूंजी विकास, विकसित भारत और अंजोर छत्तीसगढ़ जैसे विषय शामिल किए जाएंगे।
40 राज्य स्तरीय अलंकरण और पुरस्कार दिए जाएंगे
राज्योत्सव के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को सम्मानित करने के लिए 40 राज्य स्तरीय अलंकरण एवं पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। अधिकारियों को पुरस्कार चयन और संबंधित प्रक्रियाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
राज्य स्तरीय आयोजन के लिए नवा रायपुर अटल नगर के ग्राम तूता स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी उद्योग एवं व्यापार परिसर (मेला ग्राउंड) को प्रस्तावित किया गया है। आयोजन के समन्वय की जिम्मेदारी संस्कृति विभाग को नोडल विभाग के रूप में सौंपी गई है।
अलग-अलग विभागों को मिली जिम्मेदारी
राज्योत्सव को व्यवस्थित बनाने के लिए विभिन्न विभागों और एजेंसियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां दी गई हैं। सीएसआईडीसी, एनआरडीए और लोक निर्माण विभाग मेला स्थल के ले-आउट, स्टॉल आवंटन, विकास प्रदर्शनी, मुख्य मंच, पंडाल, बैठक व्यवस्था और बैरिकेडिंग की जिम्मेदारी संभालेंगे।
वहीं, जनसंपर्क विभाग और चिप्स को प्रचार-प्रसार तथा हाईटेक मीडिया सेंटर की व्यवस्था का जिम्मा दिया गया है। नगर निगम रायपुर और एनआरडीए सिटी बस सेवा, पेयजल और स्वच्छता जैसी नागरिक सुविधाएं सुनिश्चित करेंगे।
जिला प्रशासन और पुलिस विभाग यातायात प्रबंधन, पार्किंग, सुरक्षा और अग्निशमन व्यवस्था संभालेंगे। स्वास्थ्य विभाग चिकित्सा सुविधाओं और एंबुलेंस की व्यवस्था करेगा, जबकि ऊर्जा विभाग निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करेगा।
बैठक में वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में विभिन्न विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव, सचिव और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। इनमें मनोज कुमार पिंगुआ, निहारिका बारिक सिंह, सोनमणि बोरा, शहला निगार, मुकेश कुमार और डॉ. कमलप्रीत सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। रायपुर संभाग के कमिश्नर, रायपुर कलेक्टर और संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भी बैठक में भाग लिया।
राज्य सरकार का लक्ष्य राज्योत्सव के माध्यम से छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा, सरकारी योजनाओं और उपलब्धियों को आम जनता के सामने प्रस्तुत करना है।


