Site icon AB News24.in

Chhattisgarh Rajyotsav 2026: 36 विभूतियों और संस्थाओं को मिलेगा राज्य स्तरीय सम्मान

रायपुर, 01 नवम्बर। Chhattisgarh Rajyotsav 2026: छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस और राज्योत्सव 2026 के अवसर पर प्रदेश की 36 विभूतियों और संस्थाओं को राज्य स्तरीय सम्मान एवं पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा। विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले इन लोगों और संस्थाओं को साहित्य, पत्रकारिता, कला-संस्कृति, सामाजिक चेतना, महिला उत्थान, कृषि, चिकित्सा, श्रम, विधि और ग्रामीण पर्यटन सहित कई क्षेत्रों में उनके कार्यों के लिए सम्मानित किया जाएगा।

जारी पुरस्कार सूची के अनुसार, आदिवासी सामाजिक चेतना एवं उत्थान के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए शहीद वीरनारायण सिंह स्मृति सम्मान धमतरी के दुमन लाल ध्रुव को प्रदान किया जाएगा।

वहीं, अहिंसा और गौ-रक्षा के क्षेत्र में योगदान के लिए यति यतनलाल सम्मान दुर्ग स्थित विश्व गीता धाम गोविंद पथी सेवा धाम को दिया जाएगा।

खेल और महिला उत्थान के क्षेत्र में भी सम्मान

खेल के क्षेत्र में गुंडाधुर सम्मान कोंडागांव की सुंदरीबाई को और महाराजा प्रवीरचंद्र भंजदेव सम्मान बालोद के टेमन कुमार को प्रदान किया जाएगा।

महिला उत्थान के क्षेत्र में मिनिमाता सम्मान गिरिशचंद के लोक आश्रय सेवा संस्थान को दिया जाएगा। वहीं, सामाजिक चेतना एवं अनुसूचित जाति उत्थान के लिए गुरु घासीदास सम्मान कोंडागांव के सुबोध भास्कर को मिलेगा।

सहकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए ठाकुर प्यारेलाल सिंह पुरस्कार रायपुर की छत्तीसगढ़ सहकारी समिति को प्रदान किया जाएगा।

साहित्य और पत्रकारिता के क्षेत्र की प्रतिभाओं को सम्मान

साहित्य और पत्रकारिता के क्षेत्र में भी कई प्रतिष्ठित नामों को पुरस्कारों के लिए चुना गया है। वरिष्ठ पत्रकार एवं लेखक अनंत विजय को पंडित माधवराव सप्रे राष्ट्रीय रचनात्मकता सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।

वहीं, हिंदी पत्रकारिता के क्षेत्र में योगदान के लिए रायपुर के प्रमोद कुमार साहू को चंदूलाल चंद्राकर स्मृति पुरस्कार दिया जाएगा। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के क्षेत्र में योगदान के लिए करुणा सागर वर्मा सम्मान भी घोषित किया गया है।

कई अन्य क्षेत्रों की प्रतिभाओं को मिलेगा सम्मान

राज्योत्सव के अवसर पर संस्कृति, चिकित्सा, संस्कृत भाषा, आदिवासी सेवा, खेल, लोककला और महिला सशक्तिकरण सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों और संस्थाओं को भी सम्मानित किया जाएगा।

राज्य सरकार की इस पहल के माध्यम से प्रदेश की उन प्रतिभाओं और संस्थाओं के योगदान को पहचान मिलेगी, जिन्होंने अपने कार्यों से समाज और छत्तीसगढ़ की पहचान को मजबूत किया है। राज्योत्सव 2026 में 36 विभूतियों और संस्थाओं का सम्मान प्रदेश की प्रतिभाओं के प्रति सम्मान और प्रोत्साहन का प्रतीक बनेगा।

Exit mobile version