रायपुर, 31 अगस्त। Chhattisgarh Tourism News: छत्तीसग़ढ में पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा देने और उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों एवं संस्थाओं को प्रोत्साहित करने के लिए छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड की ओर से ‘विश्व पर्यटन दिवस पुरस्कार-2026’ प्रदान किए जाएंगे। इसके तहत होटल, टूर ऑपरेटर, होमस्टे, पर्यटन स्टार्टअप, रिसॉर्ट, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर, इको-टूरिज्म और एडवेंचर टूरिज्म सहित पर्यटन क्षेत्र से जुड़े उत्कृष्ट कार्यों को सम्मानित किया जाएगा।
पुरस्कार के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 15 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। प्रत्येक श्रेणी के विजेता को 11 हजार रुपये की पुरस्कार राशि और मेमेंटो प्रदान किया जाएगा।
10 श्रेणियों में मिलेगा पुरस्कार
‘विश्व पर्यटन दिवस पुरस्कार-2026’ के तहत पर्यटन क्षेत्र की 10 अलग-अलग श्रेणियां निर्धारित की गई हैं। इनमें सर्वश्रेष्ठ होटल, पंजीकृत टूर ऑपरेटर, जिला टूरिज्म प्रमोशन, पर्यटन स्टार्टअप एवं उद्यमिता, सर्वश्रेष्ठ रिसॉर्ट, पर्यटक सूचना केंद्र, होमस्टे, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर, इको-टूरिज्म साइट और एडवेंचर टूरिज्म शामिल हैं।
पुरस्कार के लिए चयन केवल आर्थिक प्रदर्शन के आधार पर नहीं होगा। स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, स्थानीय समुदाय की भागीदारी, रोजगार सृजन, डिजिटल प्रचार, पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं और नवाचार जैसे पहलुओं को भी महत्व दिया जाएगा।
होटल और टूर ऑपरेटरों के प्रदर्शन का होगा मूल्यांकन
सर्वश्रेष्ठ होटल के चयन में MICE सुविधाएं, वित्तीय प्रदर्शन, वार्षिक कारोबार, आयोजित कार्यक्रम, पर्यटन प्रचार, CSR गतिविधियां और रोजगार सृजन जैसे मानकों को देखा जाएगा।
वहीं पंजीकृत टूर ऑपरेटरों का मूल्यांकन पर्यटकों के लिए आवास, परिवहन, पर्यटन गतिविधियों, प्रचार सामग्री, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में भागीदारी और डिजिटल प्लेटफॉर्म के प्रभावी उपयोग के आधार पर किया जाएगा।
सर्वश्रेष्ठ जिला टूरिज्म प्रमोशन पुरस्कार के लिए पर्यटन स्थलों के विकास, गंतव्य प्रबंधन, पर्यटकों की संख्या में वृद्धि, स्वच्छता, कचरा प्रबंधन, हरित उपाय, स्थानीय संस्कृति और रोजगार सृजन जैसे पहलुओं को आधार बनाया जाएगा।
स्टार्टअप और होमस्टे को भी मिलेगा प्रोत्साहन
पर्यटन क्षेत्र में नए विचारों, तकनीक और नवाचार के जरिए काम करने वाले स्टार्टअप एवं उद्यमियों को भी पुरस्कार के लिए चुना जाएगा। नए व्यावसायिक मॉडल और बेहतर पर्यटन सेवाओं के जरिए छत्तीसगढ़ के पर्यटन को बढ़ावा देने वाले प्रयासों को प्राथमिकता दी जाएगी।
सर्वश्रेष्ठ होमस्टे श्रेणी में राजस्व, बुकिंग, पर्यटकों की संख्या, उपलब्ध सुविधाएं, ग्राहक समीक्षा, शिकायत निवारण व्यवस्था और दिव्यांग पर्यटकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का मूल्यांकन किया जाएगा। स्थानीय उत्पादों, खान-पान और स्थानीय समुदाय को पर्यटन से जोड़ने वाले प्रयासों को भी महत्व मिलेगा।
सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर भी होंगे सम्मानित
छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों को सोशल मीडिया के माध्यम से देश-दुनिया तक पहुंचाने वाले कंटेंट क्रिएटर्स को भी पुरस्कार दिया जाएगा। फेसबुक, इंस्टाग्राम और यू-ट्यूब जैसे प्लेटफॉर्म पर पर्यटन से संबंधित रील्स, वीडियो और अन्य सामग्री की पहुंच के साथ पिछले तीन वर्षों के प्रदर्शन को मूल्यांकन में शामिल किया जाएगा।
इसके जरिए छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विरासत, जनजातीय जीवन, ऐतिहासिक स्थल, वन्यजीव और साहसिक पर्यटन को डिजिटल माध्यम से बढ़ावा देने वाले सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर को प्रोत्साहित किया जाएगा।
इको और एडवेंचर टूरिज्म पर भी फोकस
सर्वश्रेष्ठ इको-टूरिज्म साइट के चयन में पर्यावरण संरक्षण और सतत पर्यटन को प्राथमिकता दी जाएगी। नवीकरणीय ऊर्जा, जल संरक्षण, अपशिष्ट प्रबंधन, स्थानीय समुदाय की भागीदारी और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण जैसे मानकों पर मूल्यांकन होगा।
इसी तरह कैंपिंग और अन्य साहसिक गतिविधियों का संचालन करने वाले बेहतर संचालकों को एडवेंचर टूरिज्म अवॉर्ड दिया जाएगा। पर्यटकों की सुरक्षा, नए एडवेंचर प्रोडक्ट, गंतव्य प्रबंधन और पर्यटन से होने वाली आय को भी चयन का आधार बनाया जाएगा।
15 सितंबर तक कर सकेंगे आवेदन
‘विश्व पर्यटन दिवस पुरस्कार-2026’ के लिए इच्छुक व्यक्ति, संस्थाएं और पात्र पर्यटन हितधारक 15 सितंबर 2026 तक अपनी प्रविष्टियां it@visitcg.in पर ई-मेल के माध्यम से भेज सकते हैं। आवेदन पत्र छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध है।
अधिक जानकारी के लिए छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के प्रबंधक से 94594-60947 पर संपर्क किया जा सकता है।
छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड की इस पहल का उद्देश्य पर्यटन क्षेत्र में उत्कृष्टता, नवाचार, सतत पर्यटन और गुणवत्तापूर्ण सेवाओं को बढ़ावा देना है। इससे राज्य की प्राकृतिक, सांस्कृतिक और साहसिक पर्यटन संभावनाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

