गोरखपुर, 28 जुलाई। Child Murder Case: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक बड़े ज्वैलरी कारोबारी के 10 वर्षीय पोते की हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। सोमवार को स्कूल से घर लौटने के बाद खेलने निकला मासूम रहस्यमय ढंग से लापता हो गया था। मंगलवार को उसका शव पड़ोसी के घर के बेसमेंट से बरामद हुआ। पुलिस ने मामले में पड़ोसी और कंप्यूटर शिक्षक सर्वेश भट्ट को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए उससे पूछताछ की जा रही है।
यह घटना गोरखपुर के खजनी कस्बे की है। ज्वैलरी कारोबारी लक्ष्मी नारायण वर्मा का 10 वर्षीय पोता वैभव चौथी कक्षा का छात्र था। सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे वह स्कूल से घर लौटा था। यूनिफॉर्म बदलने के बाद वह साइकिल लेकर खेलने के लिए घर से निकला, लेकिन कुछ देर बाद उसका कोई पता नहीं चला।
करीब आधे घंटे बाद एक पड़ोसी ने परिजनों को सूचना दी कि वैभव की साइकिल घर के पीछे लावारिस हालत में पड़ी है। परिजन मौके पर पहुंचे तो बच्चा वहां नहीं मिला। तलाश के दौरान साइकिल से करीब 100 मीटर दूर खाली खेत में उसकी एक चप्पल भी बरामद हुई। इसके बाद परिजनों ने अपहरण की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और आसपास के इलाकों में सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया। बच्चे की तलाश के लिए पुलिस की पांच विशेष टीमों का गठन किया गया। सीसीटीवी फुटेज की जांच में वैभव दोपहर 2 बजकर 7 मिनट पर साइकिल से गली में जाता दिखाई दिया, लेकिन इसके बाद उसकी कोई तस्वीर सामने नहीं आई।
मंगलवार को पुलिस की जांच के दौरान वैभव का शव उसके पड़ोसी सर्वेश भट्ट के घर के बेसमेंट से बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है और हत्या के पीछे की वजह जानने का प्रयास किया जा रहा है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि बच्चे की तलाश के लिए पांच विशेष टीमें बनाई गई थीं। शव बरामद होने के बाद आरोपी सर्वेश भट्ट को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के सामने आने के बाद खजनी कस्बे में शोक और आक्रोश का माहौल है। मासूम की हत्या ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

