नई दिल्ली, 14 अक्टूबर। CJP News: दिल्ली के जंतर-मंतर पर बिना अनुमति प्रदर्शन करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सौरव दास, आशुतोष रांका और अजिंक्य शिंदे को हिरासत में लिया। पुलिस ने सौरव दास और आशुतोष रांका को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें पांच दिन की न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया गया।
पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने में हुई गिरफ्तारी
CJP की कानूनी सलाहकार रत्ना सिंह ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया कि दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर मामले में संगठन के सदस्यों सौरव दास, आशुतोष रांका और अजिंक्य शिंदे को पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन में गिरफ्तार किया है। उनके मुताबिक, तीनों को सुबह करीब 3 बजे एक निजी वैन से थाने लाया गया था।
इन आरोपों के तहत हुई कार्रवाई
रत्ना सिंह के अनुसार, प्रदर्शनकारियों पर बिना अनुमति प्रवेश करने, बॉन्ड की शर्तों का उल्लंघन करने और सरकारी अधिकारी के काम में बाधा डालने जैसे आरोप लगाए गए हैं। बताया गया है कि तीनों बिना अनुमति जंतर-मंतर पहुंचे थे और वहां प्रदर्शन करने लगे थे। इसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।

