रायपुर, 17 सितम्बर। CM House Vishwakarma Pooja: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भगवान विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में भगवान विश्वकर्मा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली और निरंतर प्रगति की कामना की।
मुख्यमंत्री साय ने प्रदेशवासियों, विशेषकर श्रमिकों, शिल्पकारों, कारीगरों, अभियंताओं, तकनीशियनों और उद्योग एवं निर्माण क्षेत्र से जुड़े लोगों को विश्वकर्मा जयंती की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा सृजनशीलता, कौशल, कर्मनिष्ठा और उत्कृष्टता के प्रतीक हैं। यह पर्व श्रम की प्रतिष्ठा, कौशल के सम्मान और सृजन की शक्ति के प्रति आभार व्यक्त करने का अवसर है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के विकास में श्रमिकों, कारीगरों, शिल्पकारों और तकनीकी क्षेत्र से जुड़े लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका है। पारंपरिक कौशल और आधुनिक तकनीक का समन्वय प्रदेश के विकास को नई दिशा दे सकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रम केवल आजीविका का साधन नहीं, बल्कि सृजन और राष्ट्र निर्माण की शक्ति है। उन्होंने सभी से अपने कार्य को निष्ठा, अनुशासन और उत्कृष्टता के साथ करने तथा बदलती तकनीक के अनुरूप अपने कौशल को लगातार विकसित करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के सलाहकार आर. कृष्णा दास, प्रेस अधिकारी आलोक सिंह समेत मुख्यमंत्री निवास के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

