रायपुर, 22 जुलाई। CM Vishnu Deo Sai: प्रधानमंत्री आवास के बाहर कांग्रेस नेताओं के प्रदर्शन को लेकर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कांग्रेस और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा निशाना साधा है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि राहुल गांधी का आचरण लोकतांत्रिक गरिमा के अनुरूप नहीं है।
सीएम साय ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास के बाहर किया गया प्रदर्शन केवल एक राजनीतिक स्टंट है। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष जैसे संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति से इस तरह के व्यवहार की अपेक्षा नहीं की जाती।
मुख्यमंत्री ने कहा कि NEET पेपर लीक जैसे मामलों को लेकर केंद्र सरकार पहले से गंभीर है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी पेपर लीक को “पाप” बता चुके हैं और परीक्षा व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के लिए लगातार कदम उठाए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि परीक्षा दोबारा पूरी पारदर्शिता के साथ कराई गई और उसका परिणाम भी घोषित हो चुका है। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस युवाओं के मुद्दे की आड़ में देश में अराजकता फैलाने की कोशिश कर रही है।
सीएम साय ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास जैसे प्रतिबंधित क्षेत्र के बाहर विपक्ष का प्रदर्शन लोकतंत्र की गरिमा के अनुरूप नहीं है और देश की जनता ऐसे व्यवहार को स्वीकार नहीं करेगी।

