Site icon AB News24.in

Congress Training Camp : रायपुर में कांग्रेस का 10 दिवसीय महाशिविर…! राहुल गांधी की एंट्री से बढ़ी सियासी हलचल…नए नेताओं को सिखाई जाएगी जीत की रणनीति

Congress Training Camp: Congress's 10-day mega-camp in Raipur...! Rahul Gandhi's arrival stirs up political activity... new leaders to be taught winning strategies.

Congress Training Camp

रायपुर, 14 जून। Congress Training Camp : छत्तीसगढ़ कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की तैयारी में जुट गई है। इसी कड़ी में संगठन सृजन अभियान के तहत नियुक्त जिला और शहर कांग्रेस अध्यक्षों के लिए 21 जून से 30 जून 2026 तक रायपुर में 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। इस शिविर में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी भी एक दिन शामिल होकर संगठन को मजबूत करने के गुर सिखाएंगे।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने इस संबंध में पत्र जारी कर सभी जिला एवं शहर कांग्रेस अध्यक्षों को प्रशिक्षण शिविर में अनिवार्य रूप से शामिल होने के निर्देश दिए हैं। शिविर का आयोजन रायपुर के चांदी मोड़ स्थित अग्नियोटम अलका अवतार मंगल भवन में किया जाएगा।

राहुल गांधी देंगे संगठन का पाठ

AICC के पत्र के अनुसार राहुल गांधी ने शिविर में शामिल होने की सहमति दे दी है। वे प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान एक दिन उपस्थित रहकर संगठनात्मक मजबूती, जनसंपर्क, बूथ प्रबंधन और चुनावी रणनीति पर मार्गदर्शन देंगे।

वरिष्ठ नेताओं की भी रहेगी मौजूदगी

कांग्रेस हाईकमान ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी, विधायक दल के नेताओं, एआईसीसी सचिवों और वरिष्ठ पदाधिकारियों को शिविर में अधिकतम समय देने के निर्देश दिए हैं। वरिष्ठ नेताओं की कम से कम पांच दिनों तक उपस्थिति अनिवार्य की गई है।

2028 विधानसभा चुनाव की तैयारी?

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि कांग्रेस आगामी नगरीय निकाय, पंचायत चुनाव और 2028 विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखकर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है। इसी उद्देश्य से नए जिला और शहर अध्यक्षों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।

21 जून दोपहर तक पहुंचने के निर्देश

सभी प्रतिभागियों को 21 जून दोपहर 12 बजे तक प्रशिक्षण स्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। कार्यक्रम के लिए औपचारिक निमंत्रण भी जारी कर दिए गए हैं।

Exit mobile version