Site icon AB News24.in

Chamber Of Commerce: चैंबर ऑफ कॉमर्स में विवाद… कमल सोनी ने दिया इस्तीफा

रायपुर, 09 अगस्त। Chamber Of  Commerce: छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स की 9 अगस्त को होने वाली कार्यकारिणी बैठक से पहले संगठन में विवाद सामने आया है। बिलासपुर संभाग के कार्यकारी अध्यक्ष कमल सोनी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।

कमल सोनी ने चैंबर अध्यक्ष सतीश थौरानी को भेजे त्यागपत्र में संगठन के संविधान की धारा 1 और 15 में संशोधन की मांग उठाई है। साथ ही उन्होंने प्रदेश के सभी क्षेत्रों को समान प्रतिनिधित्व देने की मांग की है।

सोनी का आरोप है कि उन्होंने करीब डेढ़ साल से इन मांगों को संगठन के सामने रखा, लेकिन इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई। उन्होंने 6 अगस्त को होने वाली बैठक के एजेंडे में संविधान संशोधन का मुद्दा शामिल करने की मांग भी की थी, लेकिन इसे एजेंडे में जगह नहीं मिली।

इसके बाद कमल सोनी ने बिलासपुर संभाग कार्यकारी अध्यक्ष पद के साथ-साथ कार्यकारिणी और संविधान संशोधन समिति से भी इस्तीफा दे दिया।

कार्यकारिणी बैठक से ठीक पहले सामने आए इस इस्तीफे के बाद चैंबर ऑफ कॉमर्स के भीतर चर्चाएं तेज हो गई हैं। अब बैठक में इस मुद्दे को लेकर क्या रुख सामने आता है, इस पर सभी की नजरें हैं।

Exit mobile version