सरगुजा, 23 जुलाई। Crime News: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र से नाबालिग छात्रा से कथित दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि एक उपसरपंच के पति ने 14 वर्षीय आदिवासी छात्रा को अश्लील वीडियो दिखाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के सामने आने के बाद पीड़िता के परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी की पहचान तरुण जायसवाल के रूप में हुई है। आरोप है कि उसने वारदात के बाद पीड़िता को किसी को घटना बताने पर जान से मारने की धमकी दी। साथ ही मामला उजागर होने के बाद पीड़िता के रिश्तेदारों को पैसे का लालच देकर थाने में शिकायत दर्ज न कराने का दबाव बनाने का भी प्रयास किया।
घटना के विरोध में बुधवार शाम बड़ी संख्या में ग्रामीणों और पीड़िता के परिजन कोतवाली थाना पहुंचे तथा आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल FIR दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) सहित संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है और पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले सभी तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

