Site icon AB News24.in

Current Shock: रायपुर के विधानसभा थाना परिसर में बड़ा हादसा… वाटर कूलर छूते ही युवक की मौत

रायपुर, 29 अगस्त। Current Shock: राजधानी रायपुर के विधानसभा थाना परिसर में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। थाने के बाहर लगे वाटर कूलर को छूते ही एक युवक करंट की चपेट में आ गया। हादसे में युवक की मौत हो गई, जबकि उसे बचाने पहुंचे एक पुलिस आरक्षक के भी झुलसने की जानकारी सामने आई है।

मृतक युवक की पहचान 32 वर्षीय रमेश ठाकुर, निवासी बिल्हा, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रमेश किसी काम से विधानसभा थाना आया था। इसी दौरान वह पानी पीने के लिए थाना परिसर के बाहर लगे वाटर कूलर के पास पहुंचा। कूलर छूते ही उसे करंट लग गया और वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा।

बचाने पहुंचे आरक्षक को भी लगा करंट

रमेश को करंट लगने के बाद आसपास मौजूद पुलिसकर्मी उसकी मदद के लिए दौड़े। इसी दौरान आरक्षक गुलाल वर्मा भी करंट की चपेट में आकर झुलस गए। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने तत्काल बिजली आपूर्ति बंद कराई और दोनों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।

हालांकि, डॉक्टरों ने रमेश को मृत घोषित कर दिया। घायल आरक्षक का अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है।

CSEB की टीम ने शुरू की जांच

हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। वहीं CSEB के अधिकारी और कर्मचारी भी थाना परिसर पहुंचे और वाटर कूलर समेत विद्युत कनेक्शन की जांच शुरू की।

जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वाटर कूलर में करंट कैसे आया और विद्युत प्रवाह बाहर तक कैसे पहुंचा। हादसे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी।

शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया

घटना के बाद थाना परिसर में कुछ देर अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस और विद्युत विभाग की टीम पूरे मामले की जांच कर रही है।

Exit mobile version