Site icon AB News24.in

Cyclone Arnab: आंध्र से छत्तीसगढ़ तक भारी बारिश की चेतावनी… कई जिलों में अलर्ट जारी

रायपुर, 23 सितंबर। Cyclone Arnab: बंगाल की खाड़ी में बने गहरे दबाव और डिप्रेशन के चलते ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में मौसम बिगड़ गया है। मौसम विभाग के अनुसार यह सिस्टम 23 सितंबर की रात से 24 सितंबर की सुबह के बीच विशाखापट्टनम और गोपालपुर के बीच तट से टकरा सकता है। सिस्टम के और मजबूत होने पर इसे चक्रवात ‘अर्नब’ नाम दिया जा सकता है।

आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम, विजयनगरम, श्रीकाकुलम, काकीनाडा, राजमहेंद्रवरम और एलुरु में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं, हैदराबाद समेत तेलंगाना के कई जिलों में भी तेज बारिश के दौर जारी रह सकते हैं। उत्तर और पूर्वी तेलंगाना के जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है।

छत्तीसगढ़ में भी बारिश का अलर्ट

मौसम केंद्र रायपुर ने 23 सितंबर को प्रदेश के कई जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है।

ऑरेंज अलर्ट: राजनांदगांव, बालोद, बीजापुर, सुकमा और कांकेर में भारी बारिश के साथ बिजली गिरने की संभावना है।

येलो अलर्ट: बलरामपुर, कोरिया, सूरजपुर, जशपुर, सरगुजा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बिलासपुर, कोरबा, रायगढ़, मुंगेली, कबीरधाम, जांजगीर-चांपा, बेमेतरा, बलौदा बाजार, महासमुंद, दुर्ग, रायपुर, नारायणपुर, कोंडागांव, बस्तर, दंतेवाड़ा, धमतरी और गरियाबंद में हल्की से मध्यम बारिश के साथ बिजली गिरने की संभावना है।

ओडिशा में रेड अलर्ट, स्कूल बंद

दक्षिणी ओडिशा के कई जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। एहतियात के तौर पर कई इलाकों में स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्र बंद कर दिए गए हैं। प्रशासन ने तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

कमजोर मकानों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है। तेज हवाओं और भारी बारिश के कारण बिजली के खंभे और पेड़ गिरने के साथ जलभराव की आशंका भी जताई गई है। लोगों से अनावश्यक रूप से बाहर नहीं निकलने की अपील की गई है।

मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। लोगों से अपील की गई है कि वे केवल आधिकारिक मौसम अलर्ट पर भरोसा करें और अफवाहों से बचें।

Exit mobile version