Site icon AB News24.in

Deepam Controversy: पहाड़ी पर आज होगा दीप प्रज्वलन… सुरक्षा के कड़े इंतजाम

तमिलनाडु, 28 नवम्बर। Deepam Controversy: तमिलनाडु के मदुरै स्थित तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर दीप जलाने को लेकर विवाद गहरा गया है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद शनिवार को विवादित दीपस्तंभ पर दीप जलाया जाएगा। इसके मद्देनजर पहाड़ी के नीचे से ऊपर तक बैरिकेडिंग की गई है और सुरक्षा के लिए CRPF की कई यूनिट तैनात की गई हैं।

दरअसल, यह दीपस्तंभ सिकंदर दरगाह से करीब 15 मीटर की दूरी पर स्थित है। कार्तिगई दीपम पर्व के दौरान यहां दीप जलाने की मांग लंबे समय से विवाद का विषय बनी हुई है।

24 नवंबर को पारंपरिक स्थान पर दीप जलाया गया था, लेकिन विवादित दीपस्तंभ पर असली दीप के बजाय इलेक्ट्रिक लाइट जलाई गई। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने 27 नवंबर को तमिलनाडु सरकार को फटकार लगाई और शनिवार को दोबारा दीप जलाने का आदेश दिया।

अदालत ने मंदिर ट्रस्ट बोर्ड को निलंबित कर प्रशासन की जिम्मेदारी दो पूर्व जजों को सौंप दी है। इसके अलावा मुख्य सचिव, डीजीपी, कलेक्टर समेत अन्य अधिकारियों को अवमानना के नोटिस जारी किए गए हैं। कोर्ट ने दीप जलाने के दौरान दरगाह से कम से कम 50 मीटर की दूरी बनाए रखने का निर्देश दिया है।

आज श्रद्धालुओं को भी दीप प्रज्वलन समारोह में शामिल होने की अनुमति दी गई है। वहीं, दरगाह में इबादत करने वालों को भी नहीं रोका जाएगा।

मामले की अगली सुनवाई 12 दिसंबर को होगी। फिलहाल सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद पहाड़ी पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

Exit mobile version