नई दिल्ली, 03 अक्टूबर। Delhi Breaking: दिल्ली के वजीराबाद इलाके में जितिया पर्व के मौके पर यमुना नदी में स्नान करने गईं दो महिलाओं की डूबने से मौत हो गई। दोनों महिलाएं वजीराबाद स्थित सुर घाट पर स्नान करने पहुंची थीं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीम ने नदी में तलाश अभियान शुरू किया।
पुलिस के मुताबिक, स्नान के दौरान दोनों महिलाएं गहरे पानी की ओर चली गईं और डूब गईं। रेस्क्यू टीम ने काफी खोजबीन के बाद दोनों के शव नदी से बाहर निकाले। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है।
जखीरा की रहने वाली थीं दोनों
मृतकों की पहचान पिंकी कुमारी और काजल कुमारी के रूप में हुई है। दोनों जखीरा इलाके की रहने वाली थीं। जितिया पर्व के मौके पर दोनों अपने परिजनों के साथ वजीराबाद के सुर घाट पहुंची थीं।
डीसीपी ने दी घटना की जानकारी
नॉर्थ दिल्ली की डीसीपी निहारिका भट्ट के मुताबिक, दोनों महिलाएं अपने परिजनों के साथ यमुना में स्नान करने गई थीं। इसी दौरान अधिक गहराई में चले जाने से दोनों नदी में डूब गईं। सूचना मिलने के बाद गोताखोरों की टीम को मौके पर भेजा गया, जिसने तलाश अभियान चलाकर दोनों के शव बरामद किए।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले में आगे की आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद मृतकों के परिवारों में शोक का माहौल है।

