Site icon AB News24.in

Delhi Building Collapse: दिल्ली में 5 मंजिला इमारत भरभराकर गिरी… 6 लोगों की मौत

नई दिल्ली, 07 सितम्बर। Delhi Building Collapse: दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे एक पांच मंजिला इमारत अचानक ढह गई। हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 लोगों को रेस्क्यू किया गया है। हादसे में घायल 5 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें इलाज के लिए एम्स में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के मुताबिक, हादसे की शिकार इमारत करीब 40 साल पुरानी थी और इसका निर्माण वर्ष 1990 में हुआ था। एमसीडी के रिकॉर्ड में इमारत को खतरनाक घोषित नहीं किया गया था।

बेसमेंट में चल रही थी तोड़फोड़

प्रत्यक्षदर्शियों और आसपास रहने वाले लोगों के मुताबिक, इमारत के बेसमेंट में पिछले करीब सात दिनों से तोड़फोड़ और खुदाई का काम चल रहा था। बताया जा रहा है कि बेसमेंट पहले से कमजोर था और वहां पानी भी भरा हुआ था।

रविवार को खुदाई के दौरान एक पिलर खिसकने के बाद पूरी इमारत भरभराकर गिर गई। इस दौरान वहां काम कर रहे मजदूर भी मलबे में दब गए। हादसे के बाद राहत और बचाव टीमों ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

आसपास की इमारत भी खाली कराई गई

हादसे के बाद मलबा हटाने का काम लगातार जारी है। पड़ोस में बनी एक अन्य इमारत को भी खाली करा लिया गया है। इस इमारत में दरारें दिखाई देने की बात सामने आई है। रेस्क्यू टीमों के मुताबिक, मलबा हटाने के दौरान आसपास की इमारत के भी प्रभावित होने का खतरा है।

सुरक्षा को देखते हुए उस इमारत को सपोर्ट देने के लिए पिलर्स लगाए जा रहे हैं और बचाव अभियान बेहद सावधानी से चलाया जा रहा है।

छात्र इलाके में हुआ हादसा

सत्य निकेतन दिल्ली यूनिवर्सिटी के साउथ कैंपस के पास स्थित प्रमुख छात्र क्षेत्र है। यहां बड़ी संख्या में छात्र पीजी और हॉस्टल में रहते हैं। इलाके के आसपास कई प्रमुख कॉलेज भी हैं, जिसके कारण यहां दिनभर छात्रों की आवाजाही रहती है।

फिलहाल प्रशासन और राहत-बचाव टीमें मौके पर हैं। हादसे की वजह और बेसमेंट में चल रहे निर्माण या तोड़फोड़ कार्य की भूमिका की जांच की जा रही है।

Exit mobile version