नई दिल्ली, 08 सितम्बर। Delhi News: दिल्ली के सत्य निकेतन में इमारत गिरने की घटना का सुप्रीम कोर्ट ने संज्ञान लिया है। कोर्ट द्वारा नियुक्त एमिकस क्यूरी और वरिष्ठ अधिवक्ता अजीत कुमार सिन्हा ने स्टेटस रिपोर्ट दाखिल कर राजधानी के सभी PG और निजी हॉस्टलों का तत्काल सुरक्षा ऑडिट और निरीक्षण कराने की सिफारिश की है।
रिपोर्ट के मुताबिक, 6 सितंबर को सत्य निकेतन के P-14 में एक इमारत गिरने से 7 लोगों की मौत हुई, जबकि कम से कम 12 लोगों को बचाया गया। यह इमारत छात्रों के लिए ‘Hostel Daze’ नाम के बॉयज PG के रूप में इस्तेमाल हो रही थी।
रिपोर्ट में भवन का नक्शा, निर्माण की स्थिति, बेसमेंट, जमीन के इस्तेमाल, इमारत की मजबूती, अग्नि सुरक्षा और आपातकालीन रास्तों की जांच की सिफारिश की गई है।
एमिकस क्यूरी ने 2022 में सत्य निकेतन में हुए एक अन्य हादसे का भी जिक्र किया, जिसमें 2 लोगों की मौत हुई थी। रिपोर्ट में सवाल उठाया गया है कि क्या राजधानी में इमारतों की नियमित जांच और भवन नियमों का पालन सही तरीके से हो रहा है।

