Site icon AB News24.in

Delhi NSUI Protest: दिल्ली में NSUI का प्रदर्शन…अध्यक्ष समेत कई नेता हिरासत में

नई दिल्ली, 16 अक्टूबर। Delhi NSUI Protest: महिला कार्यकर्ताओं के साथ कथित मारपीट के मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर दिल्ली में NSUI का विरोध प्रदर्शन तेज हो गया है। संसद मार्ग पुलिस स्टेशन के बाहर प्रदर्शन कर रहे संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ सहित कई कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया है। हिरासत में लिए गए नेताओं में कांग्रेस सेवा दल से जुड़े बीवी श्रीनिवास और इंडियन यूथ कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब भी शामिल हैं।

प्रदर्शन के दौरान कुछ कार्यकर्ताओं को गुरुवार देर रात हिरासत में लिया गया, जबकि कुछ को शुक्रवार तड़के पकड़ा गया। संगठन के सदस्य महिला कार्यकर्ताओं के साथ कथित मारपीट के मामले में FIR दर्ज करने की मांग कर रहे थे।

शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं होने का आरोप

NSUI का आरोप है कि दिल्ली पुलिस की एक महिला अधिकारी ने संगठन की महिला कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की। संगठन के मुताबिक, इस मामले को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक FIR दर्ज नहीं हुई है।

NSUI अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने दावा किया कि उन्होंने बुधवार को एडिशनल डीसीपी से मुलाकात कर मामले में कार्रवाई की मांग की थी। इसके बावजूद कोई कदम नहीं उठाए जाने पर कार्यकर्ताओं ने पुलिस स्टेशन के बाहर प्रदर्शन किया।

FIR दर्ज नहीं हुई तो आंदोलन बढ़ाने की चेतावनी

NSUI ने साफ किया है कि मामले में FIR दर्ज होने तक उसका विरोध जारी रहेगा। संगठन ने चेतावनी दी है कि मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। उसका कहना है कि नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेने से न्याय की मांग खत्म नहीं होगी।

Exit mobile version