नई दिल्ली, 09 अक्टूबर। Delhi Train Cancelled: दिल्ली में 10 अक्टूबर को होने वाले प्रदर्शन को देखते हुए रेलवे ने ट्रेनों के परिचालन में बदलाव किया है। रेलवे के अनुसार, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन और हजरत निजामुद्दीन स्टेशन पर सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे तक पहुंचने वाली कुछ ट्रेनों को रद्द किया गया है। इसके अलावा कुछ ट्रेनों के समय में भी बदलाव किया गया है। ऐसे में दिल्ली जाने वाले यात्रियों को सफर से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति जांचने की सलाह दी गई है।
नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन स्टेशन पर क्या होगा बदलाव?
रेलवे की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, 9 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे के बाद अपने शुरुआती स्टेशन से चलने वाली उन मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द किया गया है, जिन्हें 10 अक्टूबर सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच नई दिल्ली या हजरत निजामुद्दीन स्टेशन पहुंचना था। हालांकि, दोनों स्टेशनों को पूरी तरह बंद करने की घोषणा नहीं की गई है।
ये प्रमुख ट्रेनें हुईं रद्द
रद्द की गई ट्रेनों में पश्चिम बंगाल से दिल्ली आने वाली दो राजधानी एक्सप्रेस भी शामिल हैं।
- 12301: हावड़ा–नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस
- 12313: सियालदह–नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस
- 20155: डॉ. अंबेडकर नगर–नई दिल्ली एक्सप्रेस
- 12415: इंदौर–नई दिल्ली एक्सप्रेस
- 09309: इंदौर–हजरत निजामुद्दीन ट्रेन
- 12247: बांद्रा टर्मिनस–हजरत निजामुद्दीन ट्रेन
- 12957: साबरमती–नई दिल्ली एक्सप्रेस
इन ट्रेनों के समय में भी बदलाव
रेलवे की जानकारी के अनुसार, मुंबई से दिल्ली आने वाली दो ट्रेनों के समय में करीब पांच घंटे का बदलाव किया गया है।
- 12951: मुंबई सेंट्रल–नई दिल्ली तेजस राजधानी एक्सप्रेस, 9 अक्टूबर को शाम 5 बजे रवाना होने वाली थी।
- 12953: मुंबई सेंट्रल–हजरत निजामुद्दीन ट्रेन, 9 अक्टूबर को शाम 5:10 बजे रवाना होने वाली थी।
यात्रा से पहले जरूर जांचें ट्रेन का स्टेटस
रेलवे के इस फैसले से दिल्ली आने-जाने वाले यात्रियों की यात्रा प्रभावित हो सकती है। इसलिए यात्रियों को सलाह दी जाती है कि स्टेशन के लिए निकलने से पहले अपनी ट्रेन का ताजा स्टेटस रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या NTES ऐप पर जरूर जांच लें।

