अंबिकापुर, 08 अक्टूबर। Deputy CM Arun Sao: छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम अरुण साव गुरुवार सुबह अचानक अंबिकापुर शहर की सफाई व्यवस्था का जायजा लेने निकल पड़े। उन्होंने हेलमेट पहनकर खुद स्कूटी चलाई और शहर के अलग-अलग इलाकों का निरीक्षण किया।
इस दौरान अंबिकापुर की महापौर मंजूषा भगत, सभापति समेत नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे। डिप्टी सीएम ने कई इलाकों में पहुंचकर सफाई व्यवस्था की स्थिति देखी और अधिकारियों से जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान अरुण साव सत्तिपारा इलाके में भी पहुंचे। यहां जगह-जगह कचरे के ढेर और तालाब में गंदगी देखकर उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने मौके पर मौजूद नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों से सफाई व्यवस्था को लेकर सवाल किए और स्थिति की जानकारी ली।
डिप्टी सीएम का यह औचक निरीक्षण शहर की सफाई व्यवस्था की जमीनी स्थिति जानने के लिहाज से अहम माना जा रहा है। सत्तिपारा में कचरे और तालाब में गंदगी मिलने के बाद नगर निगम की सफाई व्यवस्था पर सवाल भी उठ रहे हैं।


