Site icon AB News24.in

DevUthani Ekadashi 2026: आज देवउठनी एकादशी… जानें शुभ मुहूर्त और पूजा विधि

रायपुर, 20 नवम्बर। DevUthani Ekadashi 2026: आज कार्तिक शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि पर देवउठनी एकादशी का पर्व मनाया जा रहा है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन भगवान विष्णु चार महीने की योगनिद्रा से जागते हैं। इसी के साथ चातुर्मास समाप्त हो जाता है और विवाह सहित अन्य मांगलिक कार्यों की शुरुआत हो जाती है। इसलिए हिंदू धर्म में देवउठनी एकादशी का विशेष महत्व माना जाता है।

इस दिन शाम को शुभ मुहूर्त में भगवान विष्णु की विधि-विधान से पूजा की जाती है और उन्हें योगनिद्रा से जगाया जाता है। कई स्थानों पर भगवान विष्णु को रथ या आसन पर विराजमान कर भ्रमण भी कराया जाता है। मान्यता है कि ऐसा करने से परिवार पर भगवान श्रीहरि की कृपा बनी रहती है।

देवउठनी एकादशी पर पूजा का शुभ मुहूर्त

पंडित राकेश झा के अनुसार, आज सूर्यास्त शाम 5 बजकर 23 मिनट पर होगा। हालांकि, इस समय रोग चौघड़िया रहेगा। इसके बाद काल चौघड़िया रात 8 बजकर 47 मिनट तक रहेगा।

उन्होंने बताया कि लाभ चौघड़िया रात 8 बजकर 45 मिनट से 10 बजकर 25 मिनट तक रहेगा। इस दौरान पूजा करना शुभ माना गया है।

भगवान विष्णु को जगाने की विधि और मंत्र

देवउठनी एकादशी की शाम भगवान विष्णु को जगाने के लिए भजन-कीर्तन, शंख, घंटा और नगाड़े बजाने की परंपरा है। इस दौरान भगवान के स्तोत्रों का पाठ और भागवत कथा का श्रवण भी किया जाता है।

भगवान विष्णु को जगाते समय इन मंत्रों का उच्चारण करें:

  1. ‘उत्तिष्ठोत्तिष्ठ गोविन्द त्यज निद्रां जगत्पते, त्वयि सुप्ते जगन्नाथ जगत् सुप्तं भवेदिदम्।’
  2. ‘उत्थिते चेष्टते सर्वमुत्तिष्ठोत्तिष्ठ माधव, गता मेघा वियच्चैव निर्मलं निर्मलादिशः।’
  3. ‘शारदानि च पुष्पाणि गृहाण मम केशव।’

इसके बाद भगवान विष्णु के मंदिर या पूजा स्थल को फूलों, फलों, पत्तियों और बंदनवार से सजाएं। भगवान की विधि-विधान से पूजा करें। शुद्ध घी का दीपक जलाकर कपूर से आरती करें और पुष्प अर्पित करें।

पूजा के बाद भगवान विष्णु से परिवार की सुख-समृद्धि और कल्याण की प्रार्थना करें। प्रह्लाद, नारद, व्यास, अम्बरीष और अन्य महान भक्तों का स्मरण करें। अंत में चरणामृत और प्रसाद का वितरण करें।

देवउठनी एकादशी पर भगवान को कैसे कराएं भ्रमण?

धार्मिक मान्यता के अनुसार, भगवान विष्णु को आसन या रथ पर विराजमान कर नगर, गांव या गलियों में भ्रमण कराया जाता है। इसके लिए भगवान को रथ में बैठाकर श्रद्धालु भ्रमण कराते हैं। यदि रथ की व्यवस्था संभव न हो, तो चार लोग आसन को उठाकर भगवान को भ्रमण करा सकते हैं।

देवउठनी एकादशी की विशेष पूजा विधि

अगले दिन करें पारण और दान

एकादशी व्रत के अगले दिन द्वादशी तिथि पर पारण किया जाता है। धार्मिक परंपरा के अनुसार, इस दिन ब्राह्मणों को भोजन कराना, दान देना और भगवान विष्णु की पूजा करना शुभ माना जाता है।

Exit mobile version