धमतरी, 1 अक्टूबर। Dhamtari Road Accident: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में नेशनल हाईवे-30 पर गुरुवार सुबह एक सड़क हादसे में एंबुलेंस में सवार स्टाफ नर्स की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। हादसा सुबह करीब 6:30 बजे संबलपुर के पास हुआ। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, रायपुर से जगदलपुर लौट रही एंबुलेंस पहले डिवाइडर से टकराई और फिर सामने चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा भिड़ी।
इस हादसे में महारानी अस्पताल की स्टाफ नर्स शबनम खान (35) की मौत हो गई। एंबुलेंस में पहले से एक शव रखा हुआ था। हादसे में शव के परिजनों सहित तीन लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल धमतरी पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
इलाज के बाद शव लेकर लौट रहा था परिवार
पुलिस सूत्रों के अनुसार, जगदलपुर के कंगोली डोंगरीपारा निवासी राजेंद्र खत्री (72) विभिन्न बीमारियों से पीड़ित थे। परिजन उन्हें इलाज के लिए डिमरापाल के एक निजी अस्पताल से रायपुर के एसएमसी अस्पताल लेकर पहुंचे थे। वहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इसके बाद परिजन एंबुलेंस से शव लेकर जगदलपुर लौट रहे थे। एंबुलेंस में राजेंद्र खत्री के बेटे देवेंद्र खत्री, उनकी पत्नी उषा खत्री और बेटी मीनाक्षी घई भी सवार थीं। हादसे में तीनों घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल धमतरी में भर्ती कराया गया है।
झपकी आने से हादसे की आशंका
प्रारंभिक जांच में एंबुलेंस चालक के बयान के आधार पर हादसे के समय झपकी आने की बात सामने आई है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।
घटना की सूचना मिलते ही अर्जुनी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। वहीं, मृतक स्टाफ नर्स शबनम खान के शव को वरदान एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल ले जाया गया।

