प्रतापगढ़, 18 नवम्बर। Dhirendra Shastri: बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को कथा सुनने का न्योता दिया है। प्रतापगढ़ में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव बहुत अच्छे व्यक्ति हैं और वह उनके विरोधी नहीं हैं। अगर उनके मन में श्रद्धा जागती है, तो वे कथा सुनने आ सकते हैं।
अखिलेश यादव को कथा में आने का दिया न्योता
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि उनकी ओर से अखिलेश यादव के लिए कथा के दरवाजे खुले हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी के प्रति विरोध की भावना नहीं है। यदि अखिलेश यादव श्रद्धा के साथ कथा सुनना चाहें, तो उनका स्वागत है।
चुनावी फायदे के लिए नहीं करते कथा
अपनी कथाओं को चुनाव से जोड़ने के सवाल पर धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि उनका उद्देश्य चुनावी फायदा उठाना नहीं, बल्कि सनातनियों को एकजुट करना है। उन्होंने कहा कि धर्म कोई धंधा नहीं, बल्कि श्रद्धा और विश्वास का विषय है।
उन्होंने यह भी कहा कि अगर कोई कथा को खरीदने या सौदे की तरह देखने की सोच से आमंत्रित करेगा, तो वे वहां नहीं जाएंगे। लेकिन श्रद्धा और विश्वास के साथ बुलाने पर वे सहजता से कथा करने पहुंचेंगे।
मथुरा में कथा आयोजन की तैयारी
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने बताया कि उनकी कथाओं का उद्देश्य सनातन धर्म के अनुयायियों को एकजुट करना है। इसी दिशा में मथुरा में भी कथा आयोजन की तैयारी की जा रही है। उन्होंने अपने विचार रखते हुए कहा कि कथा का आधार राजनीति नहीं, बल्कि धर्म और आस्था है।

