इंदौर, 16 नवम्बर। Diljit Dosanjh Concert: पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ एक बार फिर अपने बेबाक अंदाज को लेकर चर्चा में हैं। मध्यप्रदेश के इंदौर में रविवार रात हुए उनके लाइव कॉन्सर्ट में संगीत के साथ महाकाल के जयकारों और देशभक्ति का रंग भी देखने को मिला। चार गानों पर रोक लगाने की मांग को लेकर हुए विवाद के बीच दिलजीत ने मंच से मशहूर शायर राहत इंदौरी की पंक्तियां सुनाईं और कहा- ‘किसी के बाप का हिंदुस्तान थोड़ी है।’
कॉन्सर्ट में पहुंचते ही दिलजीत का दर्शकों ने जोरदार स्वागत किया। उन्होंने सबसे पहले ‘जय श्री महाकाल’ का उद्घोष किया और फिर ‘मोरनी’ गाने के साथ अपनी प्रस्तुति शुरू की। पूरा आयोजन तालियों और दर्शकों के उत्साह से गूंज उठा।
चार गानों पर विवाद के बीच दिया जवाब
कॉन्सर्ट से पहले चार गानों को लेकर उठे विवाद पर दिलजीत ने मंच से अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि लोग कहते हैं कि यह नहीं कर सकते, वह नहीं कर सकते, लेकिन हमारे मुंह से जो निकलता है, वही सदाकत है। हमारे मुंह में किसी दूसरे की जुबान नहीं है।
इसके बाद उन्होंने राहत इंदौरी की मशहूर गजल की पंक्तियां सुनाईं, जिनमें ‘किसी के बाप का हिंदुस्तान थोड़ी है’ वाली पंक्ति भी शामिल थी। उनकी इस बात पर दर्शकों ने जोरदार प्रतिक्रिया दी।
बोले- महाकाल की धरती पर आने से कोई नहीं रोक सकता
दिलजीत ने इंदौर की तारीफ करते हुए कहा कि यह महाकाल की धरती है और यहां आने से उन्हें कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने कहा कि न तो वे पहले रुके थे और न ही आगे रुकेंगे। साथ ही उन्होंने दर्शकों का आभार जताते हुए कहा कि आज वे यहां हैं तो इसमें उनके प्रशंसकों का साथ और ताकत शामिल है।
कार्यक्रम के दौरान दिलजीत ने दर्शकों से दोनों हाथ ऊपर उठाकर जोर से ‘जय श्री महाकाल’ का उद्घोष करने की अपील की। इसके बाद पूरा कॉन्सर्ट महाकाल के जयकारों से गूंज उठा।

