रायपुर, 21 सितम्बर। Dominos: राजधानी रायपुर के भाठागांव स्थित डोमिनोज आउटलेट एक बार फिर चर्चा में है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक ने आउटलेट में वेज और नॉनवेज पिज्जा तैयार करने की प्रक्रिया को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं।
वायरल वीडियो में युवक का दावा है कि आउटलेट में वेज और नॉनवेज पिज्जा एक ही ओवन में तैयार किए जा रहे हैं। युवक ने आरोप लगाया कि दोनों तरह के उत्पादों के लिए अलग-अलग व्यवस्था नहीं की जा रही है। उसने इस मामले को लेकर स्वास्थ्य मंत्री, खाद्य एवं औषधि प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से शिकायत कर जांच की मांग की है।
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर मामले को लेकर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ उपभोक्ताओं ने निष्पक्ष जांच की मांग की है, जबकि कुछ ने खाद्य सुरक्षा मानकों और आउटलेट की संचालन प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं।
हालांकि, वायरल वीडियो में लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है। संबंधित विभागों की ओर से भी इस मामले में अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। ऐसे में जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि वायरल वीडियो में लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है।

