Site icon AB News24.in

Durg Crime News: ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी के नेटवर्क का खुलासा… दो आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग, 03 नवम्बर। Durg Crime News: महादेव सट्टा मामले के बीच दुर्ग जिले में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी के एक और नेटवर्क का खुलासा हुआ है। कोहका स्थित राजा गार्डन के एक मकान में WINBUZZ ऐप के जरिए ऑनलाइन सट्टा संचालित किया जा रहा था। पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर दो युवकों को गिरफ्तार किया है, जबकि कथित मास्टरमाइंड देवेंद्र कुमार साहू फरार है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रकाश हरिनखेड़े (23) और डिकेश प्रसाद तिवारी (22) के रूप में हुई है। दोनों अर्जुन नगर, वैशाली नगर के निवासी हैं। बताया जा रहा है कि वे मासिक वेतन पर सट्टा संचालन का काम करते थे।

4.93 लाख रुपये नकद समेत कई सामान जब्त

चौकी स्मृतिनगर, सुपेला थाना और ACCU की संयुक्त टीम ने कार्रवाई के दौरान 4 लाख 93 हजार रुपये नकद जब्त किए हैं। इसके अलावा 3 लैपटॉप, एक आईपैड और 18 स्मार्टफोन भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने मौके से 22 ATM कार्ड, 10 बैंक पासबुक, QR कोड स्कैनर, वाई-फाई डिवाइस और चार एक्टिवा भी जब्त की हैं।

बैंक खातों और ATM कार्ड से होता था लेन-देन

ASP ग्रामीण मणिशंकर चंद्रा के मुताबिक, सट्टे के लेन-देन के लिए अलग-अलग बैंक खातों और ATM कार्ड का इस्तेमाल किया जा रहा था। कुछ बैंक खातों का कथित तौर पर खाताधारकों की जानकारी के बिना इस्तेमाल किए जाने की आशंका है। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल फरार देवेंद्र कुमार साहू की तलाश की जा रही है। पुलिस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

Exit mobile version