Site icon AB News24.in

Durg News: अफीम कांड वाले सरपंच को जेल… आखिर किस मामले में हुई गिरफ्तारी?

दुर्ग, 07 नवम्बर। Durg News: छत्तीसगढ़ में अफीम की अवैध खेती का खुलासा कर चर्चा में आए दुर्ग जिले के समोदा गांव के सरपंच अरुण गौतम खुद कानूनी कार्रवाई के घेरे में आ गए हैं। पुलिस ने उन्हें व्हाट्सएप स्टेटस पर प्रशासनिक और राजस्व अधिकारियों के खिलाफ आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करने के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस के मुताबिक, गांव के जितेंद्र देशमुख ने इस मामले में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत और एसडीएम दुर्ग से मिले ज्ञापन के आधार पर पुलगांव थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 296 और आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने पोस्ट करने में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है।

पहले भी हो चुकी थी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

पुलिस के अनुसार, अरुण गौतम के खिलाफ पहले भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई थी और उन्हें बाउंड ओवर कराया गया था। इसके बावजूद दोबारा ऐसी गतिविधि सामने आने पर पुलिस ने बाउंड ओवर की शर्तों के उल्लंघन का मामला बनाया।

पुलिस ने बाउंड ओवर निरस्त करने के लिए एसडीएम न्यायालय में प्रतिवेदन भी पेश किया है। इसके बाद सरपंच को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

अफीम की खेती का खुलासा कर आए थे चर्चा में

दरअसल, मार्च 2026 में दुर्ग जिले के समोदा गांव के खेत में अफीम के लाखों पौधे मिलने का मामला सामने आया था। इस मामले में पुलिस और प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई के दौरान सरपंच अरुण गौतम की सूचना अहम रही थी। जांच के बाद इस मामले में आठ आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट भी पेश की गई थी।

Exit mobile version