दुर्ग, 18 जुलाई| Durg News: शहर के पंचशील नगर स्थित शासकीय चंद्रशेखर आजाद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शनिवार को कथित तौर पर नशे की दवा खाने से 8 छात्र बेहोश हो गए, जिससे हड़कंप मच गया| सभी छात्रों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, स्कूल के ही एक छात्र ने अपने साथ पढ़ने वाले बच्चों को कथित रूप से नशे की दवा दी थी। दवा खाने के कुछ ही देर बाद छात्रों की तबीयत बिगड़ने लगी और वे बेहोश हो गए। स्कूल प्रबंधन और परिजनों ने सभी बच्चों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
घटना में छात्र नैतिक रामटेक की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसे आईसीयू में भर्ती कर उपचार किया जा रहा है, जबकि अन्य छात्रों का इलाज डॉक्टरों की निगरानी में जारी है।
घटना के बाद आक्रोशित परिजन कोतवाली थाना पहुंचे और संबंधित छात्र के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि बच्चों को कौन-सी दवा दी गई, वह कहां से लाई गई और घटना के पीछे की वास्तविक वजह क्या थी।
प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, जिस छात्र पर दवा देने का आरोप है, उसके परिवार में एक सदस्य मानसिक रोग से पीड़ित है। ऐसी आशंका जताई जा रही है कि दवा घर से लाई गई हो। हालांकि, पुलिस ने इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

