Site icon AB News24.in

Education News: छत्तीसगढ़ में शिक्षा का विस्तार… नवा रायपुर में बनेगा NMIMS का KG से PG तक कैंपस

रायपुर, 09 सितम्बर। Education News: छत्तीसगढ़ के शिक्षा क्षेत्र से बड़ी खबर सामने आई है। देश के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों में शामिल नरसी मोंजी इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज (NMIMS) का KG से PG तक का पूरा कैंपस अब नवा रायपुर में विकसित किया जाएगा। इसकी जानकारी वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दी।

नर्सरी से PG तक एक ही कैंपस में पढ़ाई

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने बताया कि नवा रायपुर में NMIMS का कंप्लीट कैंपस विकसित किया जाएगा। यहां नर्सरी से लेकर स्कूली शिक्षा, PG कॉलेज और मैनेजमेंट की उच्च शिक्षा तक की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसे उन्होंने छत्तीसगढ़ के लिए बड़ी उपलब्धि बताया।

उन्होंने कहा कि NMIMS को छत्तीसगढ़ लाने के लिए लगातार प्रयास किए गए। संस्था के पास देश के कई राज्यों और शहरों के विकल्प थे, लेकिन प्रदेश सरकार ने इसे छत्तीसगढ़ में लाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाई।

छत्तीसगढ़ में बढ़ रहा राष्ट्रीय संस्थानों का दायरा

ओपी चौधरी ने कहा कि एक समय छत्तीसगढ़ को लेकर यह धारणा थी कि प्रदेश में राष्ट्रीय स्तर के बड़े शैक्षणिक संस्थान नहीं हैं। उन्होंने अपने छात्र जीवन का जिक्र करते हुए कहा कि जब उन्होंने 12वीं कक्षा पास की थी, तब प्रदेश में राष्ट्रीय स्तर का कोई बड़ा संस्थान नहीं था।

उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय स्तर के कई प्रतिष्ठित संस्थानों का विस्तार हुआ है। रायपुर में IIM, AIIMS और NIT जैसे संस्थान पहले से ही शिक्षा के क्षेत्र में अपनी पहचान बना चुके हैं।

शिक्षा के क्षेत्र में नई छलांग

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने NMIMS के KG से PG तक के पूरे कैंपस को छत्तीसगढ़ के शिक्षा क्षेत्र में नई छलांग का प्रमाण बताया। उन्होंने कहा कि इससे प्रदेश में विद्यार्थियों को बेहतर और राष्ट्रीय स्तर की शिक्षा के नए अवसर मिलेंगे।

उन्होंने इस उपलब्धि के लिए प्रदेशवासियों को बधाई दी।

Exit mobile version