Site icon AB News24.in

Employee Protest: स्कूल सफाई कर्मचारियों की मांगों पर नहीं हुआ फैसला तो 2 अक्टूबर से आंदोलन

रायपुर, 27 अगस्त। Employee Protest: छत्तीसगढ़ के सरकारी स्कूलों में काम कर रहे स्कूल सफाई कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर सरकार को 30 सितंबर तक का अल्टीमेटम दिया है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि अगर तय समय तक उनकी मांगों पर कोई फैसला नहीं हुआ, तो प्रदेशभर के 43 हजार से अधिक सफाई कर्मचारी 2 अक्टूबर से काम बंद कर अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू करेंगे।

प्रदेश के सरकारी स्कूलों में करीब 43,301 अंशकालीन सफाई कर्मचारी पिछले डेढ़ दशक से सेवाएं दे रहे हैं। कर्मचारियों का कहना है कि वे लंबे समय से बेहद कम मानदेय पर काम कर रहे हैं। बढ़ती महंगाई के बीच मौजूदा मानदेय में परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो रहा है।

पूर्णकालिक कर्मचारी का दर्जा देने की मांग

सफाई कर्मचारियों की प्रमुख मांग है कि उन्हें अंशकालीन कर्मचारी के बजाय पूर्णकालिक स्कूल सफाई कर्मचारी का दर्जा दिया जाए। इसके साथ ही उन्हें कलेक्टर दर के अनुसार सम्मानजनक मानदेय देने की मांग की गई है।

कर्मचारियों का कहना है कि वे वर्षों से सरकारी स्कूलों में जिम्मेदारी के साथ काम कर रहे हैं, लेकिन उनकी आर्थिक स्थिति में कोई बड़ा सुधार नहीं हुआ है। अब वे अपनी मांगों को लेकर आर-पार की लड़ाई की तैयारी में हैं।

कर्मचारियों ने सरकार से 30 सितंबर तक मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की है। ऐसा नहीं होने पर 2 अक्टूबर से प्रदेशभर में अनिश्चितकालीन कामबंद आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी गई है।

Exit mobile version