Fake Paneer: रायपुर स्टेशन पर 500 किलो पनीर जब्त… जांच के लिए भेजे गए सैंपल

Fake Paneer: रायपुर स्टेशन पर 500 किलो पनीर जब्त… जांच के लिए भेजे गए सैंपल

रायपुर, 05 अगस्त। Fake Paneer: राजधानी के रायपुर रेलवे स्टेशन पर खाद्य सुरक्षा विभाग और रेलवे अधिकारियों की संयुक्त कार्रवाई में अमरकंटक एक्सप्रेस से लाई गई करीब 500 किलो संदिग्ध पनीर की खेप जब्त की गई है। अधिकारियों ने पनीर के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

जानकारी के मुताबिक, भोपाल से अमरकंटक एक्सप्रेस के जरिए 10 बड़े डिब्बों में भरकर लगभग 500 किलो पनीर रायपुर भेजा गया था। पहले से मिली सूचना के आधार पर खाद्य सुरक्षा विभाग और रेलवे अधिकारियों ने स्टेशन पहुंचते ही खेप को अपने कब्जे में ले लिया और सैंपल जांच के लिए भेज दिए।

होटल और ढाबों में होनी थी सप्लाई

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह खेप शहर के होटल, ढाबों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में सप्लाई की जानी थी। विभाग अब यह पता लगा रहा है कि माल किस व्यापारी ने मंगाया था और इसकी आपूर्ति किन-किन स्थानों पर की जानी थी।

जांच रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई

खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रयोगशाला में पनीर की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की जाएगी। यदि जांच में कोई अनियमितता या खाद्य मानकों का उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

राज्य में डेयरी एनालॉग उत्पादों पर प्रतिबंध

गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ सरकार ने हाल ही में ऐसे डेयरी एनालॉग या गैर-दुग्ध उत्पादों के निर्माण, भंडारण, परिवहन, वितरण और बिक्री पर प्रतिबंध लगाया है, जो असली दूध से बने उत्पाद होने का भ्रम पैदा करते हैं। यह प्रतिबंध उन उत्पादों पर लागू है जिनमें दूध की जगह वनस्पति वसा, वनस्पति तेल या अन्य गैर-दुग्ध सामग्री का उपयोग किया जाता है और जिनकी पैकेजिंग या लेबलिंग उपभोक्ताओं को गुमराह कर सकती है।

 

राज्य खबर