रायपुर, 14 अक्टूबर। Farmers News: छत्तीसगढ़ में धान की कीमत बढ़ाने और किसानों की लंबित मांगों को लेकर भारतीय किसान संघ ने राज्य सरकार के सामने अपनी मांगें रखी हैं। संघ ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को पत्र लिखकर धान का दाम 3,358 रुपये प्रति क्विंटल करने और 1,700 करोड़ रुपये का बकाया बोनस जारी करने की मांग की है।
भारतीय किसान संघ ने धान खरीदी की अवधि 15 नवंबर से 15 फरवरी तक निर्धारित करने की भी मांग की है। इसके साथ ही किसानों को टोकन प्राप्त करने में होने वाली परेशानियों को दूर करने और फसल नुकसान का उचित मुआवजा देने की मांग उठाई गई है।
मांगें पूरी नहीं हुईं तो होगा मंत्रालय का घेराव
किसान संघ ने सरकार से किसानों की समस्याओं का जल्द निराकरण करने की अपील की है। संघ का कहना है कि धान खरीदी व्यवस्था को सरल बनाया जाए, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने में परेशानी न हो।
भारतीय किसान संघ ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो 27 अक्टूबर को मंत्रालय का घेराव किया जाएगा।


