Site icon AB News24.in

Ferry Accident: जावा सागर में बड़ा हादसा… 243 यात्रियों वाली फेरी लापता

जकार्ता, 13 सितम्बर। Ferry Accident: इंडोनेशिया के जावा सागर में खराब मौसम के बीच 243 यात्रियों को लेकर जा रही यात्री फेरी लापता हो गई। हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 97 यात्रियों को सुरक्षित बचा लिया गया है। बाकी यात्रियों की तलाश के लिए बड़े स्तर पर सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

लापता फेरी का नाम Virgo Transport 8 बताया गया है। यह फेरी शनिवार सुबह 10:33 बजे सुराबाया से दक्षिण कालीमंतन के बंजारमासिन के लिए रवाना हुई थी। इसे रविवार दोपहर करीब 2 बजे बंजारमासिन पहुंचना था।

रात करीब 2 बजे टूटा संपर्क

अधिकारियों के मुताबिक, रविवार रात करीब 2 बजे फेरी से संपर्क टूट गया। उस समय फेरी बंजारमासिन से लगभग 150 किलोमीटर दक्षिण में थी। ऑपरेटर कंपनी PT Virgo ने सुबह 4:10 बजे अधिकारियों को फेरी के मुश्किल में फंसने की सूचना दी। बताया गया कि खराब मौसम और समुद्र की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के कारण फेरी संकट में आई।

नौसेना और हेलिकॉप्टर से तलाश जारी

हादसे के बाद इंडोनेशिया की सर्च एंड रेस्क्यू एजेंसी, नौसेना, समुद्री पुलिस समेत कई एजेंसियों ने संयुक्त बचाव अभियान शुरू किया है। घटनास्थल पर कई जहाज और एक हेलिकॉप्टर भेजे गए हैं।

आसपास से गुजर रहे अन्य जहाजों को भी यात्रियों की तलाश में मदद करने और किसी यात्री के दिखाई देने पर तुरंत सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं। राहत और बचाव अभियान की निगरानी के लिए त्रिसक्ति पोर्ट इलाके में ऑपरेशन सेंटर भी बनाया गया है।

रिश्तेदारों की तलाश में बंदरगाह पहुंची महिला

बंजारमासिन की रहने वाली रुस्मिलावती अपने 8 रिश्तेदारों की जानकारी लेने बंदरगाह पहुंचीं। उनके रिश्तेदार जावा में इस्लामी विद्वानों की कब्रों पर जाने के बाद फेरी से बंजारमासिन लौट रहे थे।

परिवार को आखिरी बार एक रिश्तेदार का WhatsApp स्टेटस मिला था, जिसमें उसने समुद्र की तेज लहरों को लेकर डर जताया था। इसके बाद परिवार को उनके सुरक्षित होने की जानकारी नहीं मिल सकी।

इंडोनेशिया में फेरी परिवहन का प्रमुख साधन

17 हजार से ज्यादा द्वीपों वाले इंडोनेशिया में फेरी आम यातायात का प्रमुख साधन हैं। इससे पहले पिछले महीने मदुरा द्वीप के पास एक अन्य फेरी में आग लगने से 5 लोगों की मौत हुई थी।

जावा सागर में हुए इस हादसे के बाद राहत और बचाव एजेंसियां लापता यात्रियों की तलाश में जुटी हैं। खराब मौसम के बावजूद सर्च ऑपरेशन जारी है।

Exit mobile version