न्यू जर्सी, 20जुलाई| FIFA World Cup 2026: 16 साल का लंबा इंतजार आखिरकार खत्म हो गया। स्पेन ने फुटबॉल वर्ल्ड कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। न्यू जर्सी में खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबले में स्पेन ने मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना को 1-0 से हराकर दूसरी बार वर्ल्ड कप ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। निर्धारित 90 मिनट तक दोनों टीमें गोल करने में नाकाम रहीं। इसके बाद एक्स्ट्रा टाइम में फेरन टोरेस ने शानदार गोल दागकर स्पेन को ऐतिहासिक जीत दिला दी। इस गोल के साथ ही स्पेन एक बार फिर दुनिया की सर्वश्रेष्ठ फुटबॉल टीम बन गया।
इससे पहले स्पेन ने साल 2010 में पहली बार फीफा वर्ल्ड कप जीता था। अब 2026 की जीत के साथ टीम ने दूसरी बार यह प्रतिष्ठित ट्रॉफी अपने नाम कर ली है। वहीं, लगातार दूसरी बार चैंपियन बनने का अर्जेंटीना का सपना फाइनल में टूट गया।
खिताब जीतने के साथ ही स्पेन को रिकॉर्ड इनामी राशि भी मिली। फीफा की ओर से विजेता टीम को 5.1 करोड़ डॉलर यानी करीब 440 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि दी गई। वहीं, उपविजेता अर्जेंटीना को लगभग 293 करोड़ रुपये मिले।
फीफा वर्ल्ड कप 2026 में कुल 48 टीमों ने हिस्सा लिया। टूर्नामेंट के दौरान करीब 7,500 करोड़ रुपये की प्राइज मनी बांटी गई। खास बात यह रही कि प्रतियोगिता में शामिल कोई भी टीम खाली हाथ नहीं लौटी। सभी टीमों को भागीदारी के साथ-साथ तैयारी, यात्रा और ठहरने से जुड़े खर्चों के लिए भी आर्थिक सहायता दी गई।

