दुबई, 03 अक्टूबर। Fly Dubai FZ1073: दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 हवा में गंभीर सुरक्षा घटना सामने आई। शुरुआती जांच के मुताबिक, उड़ान के दौरान को-पायलट ने कैप्टन पर हमला किया, जिसके बाद विमान तेजी से नीचे आने लगा। इजरायली अधिकारियों ने इसे विमान को क्रैश करने की कथित कोशिश के तौर पर देखा है, जबकि फ्लाईदुबई ने फिलहाल इसे कॉकपिट में हुई गंभीर घटना बताया है। घटना के पीछे का मकसद अभी जांच के दायरे में है।
विमान में 174 यात्री और 8 क्रू सदस्य सवार थे। स्थिति बिगड़ने पर यात्रियों और क्रू सदस्यों ने हस्तक्षेप कर को-पायलट को काबू किया। इसके बाद विमान को सऊदी अरब के तबूक एयरपोर्ट पर सुरक्षित आपातकालीन लैंडिंग कराई गई। सभी यात्री और क्रू सुरक्षित बताए गए।
जांच में को-पायलट की पहचान हमाम अल-हम्मामी के रूप में हुई है, जो ओमान का नागरिक बताया जा रहा है। उसके पुराने रिकॉर्ड और पूर्व विमानन प्रशिक्षण से जुड़ी सुरक्षा चिंताओं की भी जांच की जा रही है। हालांकि, उसके कथित मकसद और किसी संगठन से संभावित संबंध को लेकर अभी अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है।
फ्लाईदुबई ने कहा है कि वह संबंधित अधिकारियों की जांच में पूरा सहयोग कर रही है। कंपनी ने घटना को लेकर जल्दबाजी में किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से बचने की अपील की है।

