दुर्ग, 27 अगस्त। Fraud Case: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में साइबर ठगी का मामला सामने आया है। लोक निर्माण विभाग (PWD) में सहायक अभियंता के पद पर कार्यरत 61 वर्षीय प्रदीप कुमार सिंघानिया को ठगों ने पेंशन कार्ड बनवाने का झांसा देकर करीब 8 लाख 23 हजार रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित ने भिलाई के खुर्सीपार थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
WhatsApp पर भेजी फर्जी APK फाइल
पीड़ित के मुताबिक, 23 अगस्त की शाम उनके मोबाइल पर पेंशन कार्ड बनाने से जुड़ा एक मैसेज आया। मैसेज में दिए गए लिंक पर क्लिक करने के बाद एक अज्ञात नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले ने पेंशन कार्ड और बैंक वेरिफिकेशन की प्रक्रिया बताई।
इसके बाद आरोपी ने WhatsApp के जरिए एक APK फाइल भेजी और इसे बैंक व पेंशन कार्ड वेरिफिकेशन से जुड़ी फाइल बताकर खोलने के लिए कहा।
फाइल खोलने के बाद मोबाइल पर बैंक ऑफ इंडिया की वेबसाइट जैसी दिखने वाली स्क्रीन खुली। इसमें जन्मतिथि, डेबिट कार्ड नंबर और अन्य बैंकिंग जानकारी मांगी गई। पीड़ित ने जानकारी दर्ज की और कुछ ही समय बाद उनके बैंक खाते से करीब 8.23 लाख रुपये निकल गए।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना के बाद पीड़ित ने खुर्सीपार थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और ठगी में इस्तेमाल मोबाइल नंबर, लिंक और अन्य डिजिटल जानकारी के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
साइबर ठगी से बचने के लिए रखें सावधानी
- अनजान नंबर से आई APK फाइल या ऐप को डाउनलोड/ओपन न करें।
- WhatsApp और SMS में आए संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें।
- बैंक कभी भी APK फाइल के जरिए KYC या पेंशन वेरिफिकेशन नहीं कराता।
- OTP, PIN, CVV, डेबिट कार्ड नंबर और बैंकिंग पासवर्ड किसी के साथ साझा न करें।
- खाते से रकम निकलने पर तुरंत बैंक को सूचना दें और 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत करें।

