Site icon AB News24.in

Fraud Case: साइबर ठगों को खाते देने वाले 13 लोग गिरफ्तार…10 लाख से ज्यादा का लेन-देन

भिलाई, 10 अगस्त। Fraud Case: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में साइबर ठगी की रकम को बैंक खातों के जरिए इधर-उधर करने वाले एक बड़े नेटवर्क का पुलिस ने खुलासा किया है। दुर्ग पुलिस की ACCU, सुपेला थाना और भिलाई नगर थाना की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 13 म्यूल खाताधारकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की शुरुआती जांच में इन खातों से 10 लाख रुपये से ज्यादा के संदिग्ध ऑनलाइन लेन-देन का पता चला है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी कुछ पैसों के लालच में साइबर ठगों को अपने बैंक खाते, पासबुक, ATM कार्ड और सिम कार्ड उपलब्ध कराते थे। साइबर ठगी के बाद रकम पहले इन खातों में पहुंचाई जाती थी और फिर अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर दी जाती थी।

साइबर सेल को मिली शिकायतों और राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) से मिले इनपुट के आधार पर पुलिस ने तकनीकी निगरानी शुरू की। जांच के बाद संदिग्ध खाताधारकों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।

आरोपियों के पास से बैंक पासबुक, चेकबुक, ATM कार्ड, मोबाइल फोन और संदिग्ध सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इन खातों का कनेक्शन देश में सक्रिय किन बड़े साइबर ठगी गिरोहों से है।

दुर्ग पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति को अपना बैंक खाता, ATM, सिम या पहचान से जुड़े दस्तावेज न दें। पुलिस ने चेतावनी दी है कि साइबर अपराधियों को बैंक खाता उपलब्ध कराने वालों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version