रायपुर, 18 अगस्त। Fraud Case: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में बैंक ग्राहक की फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) तुड़वाकर करीब 14.97 लाख रुपये की कथित हेराफेरी का मामला सामने आया है। मामले में एक्सिस बैंक के डिप्टी मैनेजर समेत दो लोगों के खिलाफ गंज थाना पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामला देवेंद्र नगर स्थित एक्सिस बैंक की शाखा से जुड़ा है। यहां सुषमा कुमार का खाता है। आरोप है कि बैंक के डिप्टी मैनेजर कुलदीप सिंह ने ग्राहक की जानकारी और सहमति के बिना कथित तौर पर फर्जी कस्टमर रिक्वेस्ट फॉर्म के जरिए खाते में दर्ज मोबाइल नंबर बदल दिया।
इसके बाद खाते में जमा करीब 14.40 लाख रुपये से अधिक की FD को समय से पहले बंद कर दिया गया। FD की रकम बचत खाते में जमा होने के बाद खाते में पहले से मौजूद राशि को मिलाकर करीब 14.97 लाख रुपये गुढ़ियारी स्थित निजी फर्म के खाते में ट्रांसफर किए गए।
निजी फर्म के खाते में ट्रांसफर हुई रकम
पुलिस के मुताबिक, रकम इंडियन सेल्स नाम की फर्म के खाते में भेजी गई थी। इस खाते का संचालन योगेश येडे द्वारा किया जाता है। आरोप है कि रकम ट्रांसफर होने के बाद चेक और एटीएम के जरिए पैसे निकाले गए।
7 अगस्त को सामने आया मामला
मामले का खुलासा 7 अगस्त को हुआ, जब सुषमा कुमार बैंक पहुंचीं और अपने खाते की जानकारी ली। खाते में गड़बड़ी सामने आने के बाद उन्होंने बैंक प्रबंधन से शिकायत की।
इसके बाद बैंक की ओर से मामले की आंतरिक जांच की गई। बैंक प्रबंधन की जांच में कथित गड़बड़ी सामने आने के बाद बैंक मैनेजर रितेंद्र रामटेके ने गंज थाने में शिकायत दर्ज कराई।
डिप्टी मैनेजर समेत 2 लोगों पर FIR
गंज थाना पुलिस ने मामले में बैंक के उप प्रबंधक कुलदीप सिंह और इंडियन सेल्स के संचालक योगेश येडे के खिलाफ FIR दर्ज की है।
पुलिस अब बैंक के रिकॉर्ड, कस्टमर रिक्वेस्ट फॉर्म, FD से जुड़े दस्तावेज, चेक और एटीएम ट्रांजेक्शन समेत अन्य रिकॉर्ड की जांच कर रही है। साथ ही पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि कथित हेराफेरी में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और रकम निकालने की पूरी प्रक्रिया कैसे हुई।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

