Site icon AB News24.in

Gariaband: जंगल में मिला नक्सलियों का खतरनाक डंप… सुरक्षाबलों ने बरामद किए विस्फोटक

गरियाबंद, 19 अक्टूबर। Gariaband: छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में सुरक्षाबलों ने सर्च ऑपरेशन के दौरान जमीन के नीचे छिपाकर रखे गए विस्फोटकों का जखीरा बरामद किया है। मैनपुर थाना क्षेत्र के जंगलों में मिले इस नक्सल डंप को खतरे की आशंका के चलते बम निरोधक दस्ते ने मौके पर ही नष्ट कर दिया।

जानकारी के मुताबिक, कुल्हाड़ीघाट, कठवा और गंवरमुड़ के जंगलों में सीआरपीएफ की 65वीं बटालियन और जिला पुलिस बल की संयुक्त टीम विशेष तलाशी अभियान चला रही थी। इसी दौरान गोवरमुंडा इलाके में एक पुलिया के पास जवानों को संदिग्ध सामग्री मिली। इसके बाद क्षेत्र की घेराबंदी कर विशेषज्ञों को बुलाया गया। जांच में जमीन के नीचे दबाकर रखा गया विस्फोटकों का डंप सामने आया।

डंप से क्या-क्या हुआ बरामद?

सुरक्षाबलों ने मौके से 2.5 किलोग्राम की एक टिफिन आईईडी, चार यूबीजीएल राउंड, दो मीटर कोडेक्स वायर और 15 खाली खोखे बरामद किए। इसके अलावा दवाइयां और रोजमर्रा के इस्तेमाल की अन्य सामग्री भी मिली।

मौके पर ही नष्ट किए विस्फोटक

पुलिस के अनुसार, विस्फोटक सामग्री को दूसरी जगह ले जाना जोखिम भरा हो सकता था। ऐसे में बम निरोधक दस्ते ने सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए नियंत्रित विस्फोट के जरिए टिफिन आईईडी और चार यूबीजीएल राउंड को नष्ट कर दिया।

नक्सल उन्मूलन अभियान के बीच हुई इस कार्रवाई से जंगल में छिपाकर रखे गए विस्फोटकों से संभावित खतरे को कम करने में मदद मिली है। सीआरपीएफ ने क्षेत्र में तलाशी अभियान और नक्सल विरोधी कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।

Exit mobile version